CBSE की पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया में तकनीकी गड़बड़ियां, अतिरिक्त राशि की जाएगी वापिस

नई दिल्ली | केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कहा कि 12वीं के रिजल्ट के बाद पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया के दौरान तकनीकी गड़बड़ियों से जिन विद्यार्थियों से ज्यादा शुल्क वसूला गया, उन्हें अतिरिक्त राशि वापिस की जाएगी.शिक्षा मंत्रालय की तरफ से पुनर्मूल्यांकन के दौरान बच्चों व अभिभावकों की तकनीकी गड़बड़ियों की शिकायतों पर सीबीएसई से विस्तृत रिपोर्ट भी तलब की गई है.

CBSE

वापिस होगी अतिरिक्त राशि

सीबीएसई की ओर से रविवार को बताया गया कि 21- 22 मई को मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी के लिए आवेदन करते वक्त तकनीकी समस्याओं के चलते कुछ मामलों में ज्यादा राशि वसूली गई, जबकि कुछ में कम शुल्क लिया गया. जिन मामलों में ज्यादा भुगतान लिया गया, उनमें अतिरिक्त राशि उसी पेमेंट मोड में वापस की जाएगी, जिससे शुल्क जमा किया गया था. जिन मामलों में कम शुल्क लिया गया है, उनमें जरूरी होने पर विद्यार्थियों को बाकी अमाउंट जमा करने के बारे में अलग से सूचना दी जाएगी.

बढ़ी आवेदन की तिथि

बोर्ड ने यह भी बताया कि ऐसे सभी मामलों में उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी विद्यार्थियों को मुहैया कराई जाएगी. इसके लिए फिर से आवेदन नहीं करना होगा. सूत्रों के अनुसार मंत्रालय ने सर्वर डाउन होने, पेमेंट गेटवे में गड़बड़ी और प्रक्रिया के दौरान सामने आई अन्य तकनीकी खामियों पर संज्ञान लिया था. सीबीएसई द्वारा 12वीं की उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी प्राप्त करने के लिए आवेदन की तिथि एक दिन और बढ़ा दी गई है.

यह भी पढ़े -  LPG उपभोक्ताओं को झटका, जून की शुरुआत में महंगा हुआ गैस सिलेंडर

मंत्रालय ने किया हस्तक्षेप

अब स्टूडेंट्स 25 मई को रात 11:59 तक आवेदन कर सकते है. डिजिटल मूल्यांकन व्यवस्था को लेकर व्यापक विरोध व विद्यार्थियों की बढ़ती चिंता के बीच शिक्षा मंत्रालय 12वीं के नतीजों पर सावधानी से नजर बनाए हुए है. इस साल 12वीं बोर्ड परीक्षा के मूल्यांकन के लिए ऑन- स्क्रीन मार्किंग के बाद सामने आई विसंगतियों और पोर्टल में तकनीकी गड़बड़ियों के बाद मंत्रालय ने दखल दिया.

Avatar of Deepika Bhardwaj
Deepika Bhardwaj
View all posts

मेरा नाम दीपिका भारद्वाज है. पिछले साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar वेबसाइट पर राइटर का काम कर रही हूँ. मैं यहाँ हरियाणा व दिल्ली में निकली सरकारी और प्राइवेट नौकरी से जुड़ी जानकारी साझा कर रही हूँ.