चंडीगढ़ | हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के आखिरी दिन श्रम मंत्री अनिल विज ने एक बड़ी घोषणा की है. उन्होंने बताया कि हमारी सरकार का लक्ष्य है कि हर औद्योगिक शहर में श्रमिकों के बेहतर इलाज की सुविधा के लिए 100 बेड वाला ESI अस्पताल खोला जाए. इस दिशा में अंबाला, करनाल, सोनीपत, रोहतक और हिसार में जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है.
बावल में जल्द तैयार होगा ESI अस्पताल
विधानसभा के मानसून सत्र में जानकारी देते हुए अनिल विज ने कहा कि बावल औद्योगिक क्षेत्र में निर्माणाधीन ESI अस्पताल का काम 90% पूरा हो चुका है. इसका निर्माण कार्य केंद्रीय केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (CPWD) कर रहा है. उन्होंने बताया कि अस्पताल की बिल्डिंग हैंडओवर होते ही 3 महीने के भीतर फर्नीचर, उपकरण और स्टाफ की नियुक्ति कर दी जाएगी और उद्घाटन कर श्रमिकों को समर्पित कर दिया जाएगा.
अनिल विज ने स्पष्ट करते हुए कहा कि बावल का ESI अस्पताल हरियाणा सरकार नहीं बल्कि ESI, नई दिल्ली के तहत बनाया जा रहा है. हरियाणा में विभिन्न स्थानों पर चल रही ESI प्रोजेक्ट्स की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि इनमें बल्लभगढ़ का 100 बिस्तरों का ESI अस्पताल, पंचकूला की ESI डिस्पेंसरी तथा सोनीपत का अस्पताल और डिस्पेंसरी शामिल हैं. इन परियोजनाओं को पूरा करने के लिए राज्य और केंद्र स्तर पर लगातार बैठकें हो रही है.
विधायक की जमकर सराहना
विधानसभा में बावल हल्के से बीजेपी विधायक डॉ कृष्ण कुमार द्वारा उठाए गए सवाल का उत्तर देते हुए अनिल विज ने विधायक की जमकर सराहना करते हुए कहा कि वे अपने विधानसभा क्षेत्र की जनता के मुद्दों को मजबूती से उठा रहे हैं. प्रदेश सरकार का प्रयास हैं कि बावल सहित अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिकों के लिए जल्द- से- जल्द बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए.
