चंडीगढ़ | हरियाणा में नायब सिंह सैनी (Nayab Singh Saini) की सरकार ने अपने 100 दिन पूरे कर लिए हैं. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल के साथ बैठक में कई अहम फैसले लिए. यह न केवल राज्य के विकास के लिए जरूरी हैं, बल्कि प्रदेशवासियों के लिए भी बेहद फायदेमंद साबित हो सकते हैं. आइए जानते हैं नायब सैनी सरकार के 100 दिन के कार्यकाल में लिए गए 10 बड़े फैसले.
CM के 10 बड़े फैसले
25 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र: मुख्यमंत्री बनने के बाद, नायब सैनी ने विधानसभा चुनाव से पहले किए गए 25 हजार पदों की भर्ती को मंजूरी दी और युवाओं को नियुक्ति पत्र जारी किए. बता दें कि ये भर्ती चुनाव आयोग की रोक के बाद फिर से शुरू की गई.
24 फसलों का एमएसपी पर खरीद: हरियाणा देश का पहला राज्य बन गया जिसने 24 प्रकार की फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदने की शुरुआत की है. CM सैनी ने इस योजना को नोटिफाई कर, किसानों के खाते में 48 घंटे के अंदर पैसे ट्रांसफर करने की व्यवस्था शुरू की.
फ्री डायलिसिस सेवा: प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों में फ्री डायलिसिस की सुविधा शुरू की गई. इसके साथ ही हरियाणा इस सुविधा को प्रदान करने वाला पहला राज्य बन गया.
हर घर गृहिणी योजना: इस योजना के तहत 13 लाख गरीब महिलाओं को 500 रुपये में सिलेंडर दिया जा रहा है.
SC आरक्षण में वर्गीकरण: सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत SC आरक्षण में वर्गीकरण को लागू किया.
अग्निवीरों के लिए आरक्षण और शहीदों के परिवारों को 1 करोड़ रुपये: सैनी सरकार ने अग्निवीरों के लिए सरकारी नौकरियों में 15% आरक्षण देने का फैसला किया. साथ ही, शहीदों के परिवारों को 1 करोड़ रुपये की सहायता देने का ऐलान किया.
कृषि भूमि पट्टा विधेयक 2024: इस विधेयक को विधानसभा में पास कर दिया गया, जिससे किसानों को अपनी भूमि पर अधिकार सुनिश्चित होगा.
सेवा सुरक्षा अध्यादेश 2024: संविदा कर्मचारियों के लिए सेवा सुरक्षा का अध्यादेश पास किया गया, जिससे अब उनकी रिटायरमेंट की उम्र 58 साल होगी.
ग्रेज्युटी में 25% बढ़ोतरी: कर्मचारियों को अब 25 लाख रुपये तक ग्रेज्युटी मिलेगी, इससे पहले यह 20 लाख थी.
CET पास करने वालों को 9000 रुपये स्टाइपेंड: बेरोजगार युवाओं के लिए कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) पास करने पर हर महीने 9000 रुपये स्टाइपेंड देने का ऐलान किया गया.
