चंडीगढ़ | हरियाणा की नायब सैनी सरकार ने आमजन की सुविधाओं में इजाफा करने के उद्देश्य से एक और बड़ा फैसला लिया है. मुख्यमंत्री ने राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की नई आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ कर दिया है, जिसके बाद लोगों को अब इस विभाग की सभी 26 सेवाओं का एक ही प्लेटफॉर्म पर लाभ मिलेगा.
डिजिटल हरियाणा की ओर ठोस कदम
इस अवसर पर सीएम नायब सैनी ने कहा कि यह सिर्फ एक वेबसाइट का शुभारंभ नहीं, बल्कि डिजिटल हरियाणा और सुशासन की दिशा में उठाया गया एक और ठोस कदम हैं. राजस्व विभाग न केवल प्रशासन की रीढ़ है, बल्कि आम आदमी के दुःख- दर्द के साथ सीधा जुड़ा हुआ है. आपदा हो या फिर कोई और संकट की घड़ी, लोग बड़ी उम्मीद से राजस्व विभाग की ओर देखते हैं.
हरियाणा के माननीय मुख्यमंत्री @cmohry द्वारा और माननीय मंत्री@VipulGoelBJP के मार्गदर्शन में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की नई वेबसाइट का शुभारंभ किया गया ।यह केवल एक वेबसाइट का उद्घाटन नहीं है, बल्कि यह डिजिटल हरियाणा और सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अब… pic.twitter.com/mhzxVmvulP
— Dr Sumita Misra IAS (@sumitamisra) August 1, 2025
अलग से खुला IT डिवीजन
मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि रेवेन्यू डिपार्टमेंट में अब विभाग ने अपना स्वतंत्र IT डिवीजन स्थापित किया है. इस वेबसाइट के माध्यम से विभाग की सभी सेवाओं को एक ही प्लेटफॉर्म पर प्राप्त किया जा सकेगा. अब सूबे की जनता को इस विभाग की सेवाओं के लिए अलग-अलग पोर्टल पर जाकर भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
उन्होंने बताया कि जाति प्रमाण पत्र से लेकर मुआवजे की जानकारी सब कुछ इसी एक पोर्टल पर उपलब्ध होगी. केवल आम जनता ही नहीं, विभाग के अधिकारियों को भी इससे बहुत सुविधा होगी. यह पहल डिजिटल इंडिया और सुशासन की हमारी प्रतिबद्धता का एक और प्रमाण पत्र है.
