चंडीगढ़, Haryana School News | देशभर में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. देश के कई राज्यों में अप्रैल महीने से ही गर्म हवाएं चलना शुरू हो चुकी है. गर्मी के मौसम को देखते हुए हरियाणा के शिक्षा निदेशालय ने स्कूलों के लिए एडवाइजरी जारी की हैं, ताकि बच्चों को गर्मी की चपेट में आने से बचाया जा सके.
जारी की एडवाइजरी
- पीने के पानी के लिए 3 बार घंटी बजाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि समयानुसार बच्चे पानी पीते रहे और शरीर में पानी की मात्रा बरकरार रहें.
- किसी भी तरह का कार्यक्रम या आयोजन खुली धूप में न किया जाए. किसी भी हालत में छात्रों को धूप में न बिठाया जाए.
- सभी छात्रों के साथ गर्मी से बचाव के उपायों पर चर्चा की जाए. व्यापक जानकारी उपलब्ध कराई जाए. अगर जरूरत पड़े तो स्थानीय स्तर पर आयुष विभाग से संपर्क किया जा सकता है.
- बाहर की गर्मी को कमरों में आने से रोकने के लिए खिड़की को रिफ्लेक्टर जैसे एल्युमीनियम, पन्नी, गत्ते से ढ़क कर रखें.
- जिन खिड़कियों व दरवाजों से गर्म हवा आती है, उन्हें पर्दे से ढक दिया जाए.
स्थानीय अस्पताल से संपर्क की व्यवस्था
- क्लासरूम से बाहर होने वाली बाहरी गतिविधियों पर जहां तक संभव हो सुबह 10 बजे तक या इससे पहले करवा लिया जाए.
- किसी भी इमरजेंसी की स्थिति में स्थानीय अस्पताल से संपर्क करने की व्यवस्था की जाए और इमरजेंसी की स्थिति से निपटने के लिए प्राथमिक उपचार की ट्रेनिंग लें.
- स्कूल की छुट्टी के बाद बच्चे जब घर को जाएं, तो उन्हें अपने शरीर और सिर को कपड़े से ढककर रखने के निर्देश दिए जाएं.
- छात्रों को निर्देशित किया जाए कि वे स्कूल की छुट्टियों के दौरान जहां तक संभव हो सकें अपने घर में ही रहें और सूर्य के संपर्क में आने से बचें.
- संतुलित और हल्का भोजन करें और ज्यादा मात्रा में पानी पीएं.
- स्थानीय मौसम के पूर्वमानुमान को सुनें और तापमान में होने वाले बदलाव को लेकर अलर्ट रहें.
