चंडीगढ़ | सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ के इंटरनेशनल एयरपोर्ट से एक जरूरी खबर सामने आई है. यहां 26 अक्टूबर से 7 नवंबर तक रनवे की मरम्मत कार्य के चलते एयरपोर्ट से हवाई उड़ान पर रोक रहेगी. इस दौरान रनवे का ग्राउंड लाइटिंग सिस्टम अपग्रेड किया जाएगा. इस संबंध में एयरपोर्ट ऑथोरिटी की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है.
सिस्टम अपग्रेड करने की तैयारी
चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सीईओ अजय वर्मा ने बताया कि रनवे- 11 और रनवे- 29 पर पॉलीमर मोडीफाइड इमल्शन का काम किया जायेगा. इसके साथ ही, ग्राउंड लाइटिंग सिस्टम को भी अपग्रेड किया जायेगा. इस समयावधि के दौरान हेलीकॉप्टर जैसी रोटरी विंग एयरक्राफ्ट केवल पूर्व अनुमति मिलने पर उड़ान भर सकेंगे.
उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट बंद होने की सूचना सभी एयरलाइंस कंपनियों को दे दी गई है. 26 अक्टूबर से 7 नवंबर तक सभी फ्लाइट बुकिंग बंद कर दी गई है. जिन लोगों ने एडवांस बुकिंग कराई हुई है, उन्हें टिकट का पैसा रिफंड किया जा रहा है.
लैंडिंग सिस्टम होगा अपग्रेड
सीईओ अजय वर्मा ने बताया कि एयरपोर्ट अथॉरिटी इस दौरान रनवे- 11 पर इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (आईएलएस) कैट- 2 को अपग्रेड करने पर भी विचार कर रही है. कोरिया से लगभग 2 करोड़ रुपए का उपकरण मंगवाया जा रहा है, जिससे रनवे की लाइटिंग और लैंडिंग सिस्टम को अपग्रेड किया जा सके.
