हरियाणा विस चुनाव की गहमा- गहमी के बीच मोदी सरकार का बड़ा दांव, किसानों को दिल्ली बुलाकर इन मुद्दों पर हुई बातचीत

चंडीगढ़ | हरियाणा विस चुनाव (Haryana Vidhansabha Chunav) की गहमा- गहमी के बीच केंद्र सरकार ने एक बार फिर किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) समेत कई अन्य लंबित मुद्दों पर बातचीत शुरू कर दी है. मंगलवार को कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कई किसान संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की है. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार तब तक किसानों से बातचीत करती रहेगी, जब तक मसलों का समाधान नहीं हो जाता.

pm modi

केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि यह तो अभी शुरुआत है. हम किसानों के साथ सभी मुद्दों पर बैठकर बातचीत करेंगे और हर मसले का हल निकालने की कोशिश करेंगे. उन्होंने कहा कि किसानों की ओर से MSP को मजबूत करने के सुझाव मिले हैं. हम उनपर विचार करेंगे. उन्होंने वादा करते हुए कहा कि हर मंगलवार को किसानों के साथ बैठक करेंगे और देशभर के किसानों से बातचीत की जाएगी.

अनुकूल माहौल बनाने का प्रयास

बता दें कि केंद्र सरकार ने ऐसे समय पर किसानों से बातचीत शुरू की है, जब शंभू बार्डर पर बड़ी संख्या में किसान 6 महीने से ज्यादा समय से डटे हुए हैं. ऐसी स्थिति में सरकार का बातचीत का प्रयास उन्हें साधने की कोशिश है. खासतौर पर हरियाणा विस चुनाव के बीच किसानों से बातचीत शुरू कर माहौल अनुकूल बनाने की कोशिश हो रही है, क्योंकि हरियाणा में किसान वर्ग के बीच बीजेपी को लेकर बड़ी नाराजगी है.

यह भी पढ़े -  शाहदरा CBD में जजों के लिए आधुनिक हाउसिंग प्रोजेक्ट, दिल्ली सरकार की बड़ी योजना

पंजाब से सटे इलाकों में ऐसा माहौल देखा भी जा रहा है. ऐसी स्थिति में मोदी सरकार की किसानों से बातचीत विधानसभा चुनाव को साधने की रणनीति ज्यादा नजर आ रही है.

मिला आश्वासन

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ हुई इस बैठक में भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के पंजाब- हरियाणा, यूपी, उत्तराखंड और महाराष्ट्र के प्रतिनिधि शामिल रहे. बैठक के बाद किसान नेताओं ने कहा कि हमने MSP, पीएम किसान सम्मान- निधि और फसल बीमा योजना जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है. फिलहाल, सरकार से इन मुद्दों पर विचार करने का आश्वासन मिला है. इस बैठक में उन किसान संगठनों का कोई नेता नहीं पहुंचा, जो 200 दिन से ज्यादा शंभू बार्डर पर डटे हुए हैं.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.