चंडीगढ़ | बी- फार्मेसी की पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों के लिए एक अच्छी खबर है. बता दें कि अब इन छात्रों को नए शिक्षा सत्र से एडमिशन के लिए ज्यादा मारामारी नहीं करनी होगी. हरियाणा के विभिन्न जिलों में बी- फार्मेसी के लिए नए प्राइवेट संस्थान खुलने जा रहे हैं. नए प्राइवेट इंस्टिट्यूट खोलने से विद्यार्थियों को दाखिला लेने में आसानी रहेगी और वह अपनी पढ़ाई आराम से पूरी कर पाएंगे.
45 नए निजी संस्थानों को मिली मान्यता
हरियाणा राज्य तकनीकी शिक्षा सोसाइटी की तरफ से बी- फार्मेसी के लिए 45 नए निजी संस्थानों को मान्यता जारी कर दी गयी है. जो संस्थान सोसाइटी के मानकों को पूरा करेंगे, वे नए सत्र से कक्षाओं की भी शुरूआत कर सकते हैं. अधिकारियों के मुताबिक, सभी जिलों में एक- दो या ज्यादा प्राइवेट संस्थानों को मान्यता जारी हुई है.
सिर्फ 9 संस्थान राजकीय
प्रदेश के 19 जिलों में 99 फार्मेसी कॉलेज हैं, इनमें से सिर्फ 9 संस्थान ही राजकीय हैं, जबकि अन्य सभी सेल्फ फाइनेंस संस्थान हैं. इन संस्थानों में एडमिशन के लिए इच्छुक विद्यार्थियों को हर साल मेरिट में जगह बनानी पड़ती हैं. इन संस्थानों में लगभग 7 हजार सीटें हैं.
कोर्स शुरू होने से बढ़ेगी सीटें
वर्तमान में चरखीदादरी, फतेहाबाद और मेवात में एक भी बी फार्मेसी कॉलेज नहीं है. ऐसे में यहां के विद्यार्थियों को बी- फार्मेसी के लिए दूसरे जिलो मे जाना पड़ता है, अब नए 45 संस्थानों में बी- फार्मेसी कोर्स शुरू होने से राज्य मे सीटों की संख्या में भी बढ़ोतरी होगी.
