Haryana BJP List 2024: हरियाणा विस चुनाव के लिए BJP ने ठोकी ताल, 67 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी

चंडीगढ़, Haryana BJP List 2024 | हरियाणा में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो चुकी है. सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं. इसी कड़ी में सूबे में सत्तासीन भारतीय जनता पार्टी ने 67 उम्मीदवारों के नाम की पहली लिस्ट जारी कर दी है. मुख्यमंत्री नायब सैनी कुरूक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र के अन्तर्गत लाडवा विधानसभा सीट से चुनाव लडेंगे.

BJP

बीजेपी द्वारा जारी की गई पहली लिस्ट में पूर्व गृहमंत्री अनिल विज को अंबाला कैंट से उम्मीदवार घोषित किया गया है. अंबाला सिटी से परिवहन मंत्री असीम गोयल, पंचकूला से विधानसभा स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता, जगाधरी से कंवर पाल गुर्जर, रादौर से INLD छोड़कर आए श्याम सिंह राणा, थानेसर से शहरी निकाय मंत्री सुभाष सुधा और पेहोवा से पूर्व खेल मंत्री संदीप सिंह की जगह पर सरदार कमलजीत सिंह अजराना को टिकट दी गई है.

JJP छोड़कर आए नेताओं को टिकट का तोहफा

जननायक जनता पार्टी को छोड़कर आए नेताओं को बीजेपी ने टिकट का तोहफा दिया है. टोहाना से पूर्व पंचायत मंत्री देवेन्द्र बबली, उकलाना रिजर्व सीट से पूर्व रोजगार मंत्री अनूप धानक, बेरी से संजय कबलाना, खरखौदा से पवन खरखौदा और सफीदों से रामकुमार गौतम को प्रत्याशी घोषित किया गया है.

कई नए चेहरों को मौका

भारतीय कबड्डी टीम के कप्तान रहें दीपक निवास हुड्डा को बीजेपी ने महम विधानसभा सीट से प्रत्याशी घोषित किया है. हिसार विधानसभा सीट पर जिंदल परिवार की बजाय कमल गुप्ता पर फिर से भरोसा जताया गया है. उचाना विधानसभा सीट से दुष्यंत चौटाला के सामने देवेन्द्र अत्री उम्मीदवार होंगे.

2 मंत्रियों की टिकट कटी

कोसली विधानसभा सीट से विधायक लक्ष्मण यादव को कोसली की बजाय रेवाड़ी सीट से उतारा गया है. बाढ़डा से उमेद पातुवास और चरखी दादरी से पूर्व सहकारिता मंत्री सतपाल सांगवान के बेटे सुनील सांगवान को टिकट दी गई है. उन्होंने दो दिन पहले ही जेल सुपरिटेंडेंट पद से इस्तीफा देकर बीजेपी ज्वाइन की थी. बवानीखेड़ा रिजर्व सीट से मंत्री बिशबंर बाल्मिकी की टिकट काट दी गई है. उनकी जगह पर कपूर बाल्मीकि को उम्मीदवार घोषित किया गया है. JJP छोड़कर बीजेपी में आने वाले बरवाला विधानसभा क्षेत्र से विधायक जोगी राम सिहाग के हाथ खाली रहें. उनकी जगह पर नलवा से विधायक रणबीर गंगवा को बरवाला शिफ्ट कर दिया है.

यह भी पढ़े -  गैस किल्लत के बीच हरियाणा में बढ़ा PNG का दायरा, नए कनेक्शन का बड़ा आंकड़ा आया सामने

पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा को चुनौती देगी मंजू हुड्डा

पूर्व मुख्यमंत्री भुपेंद्र हुड्डा की गढ़ी- सांपला किलोई विधानसभा सीट से बीजेपी ने मंजू हुड्डा को प्रत्याशी बनाया है. तोशाम सीट से राज्यसभा सांसद किरण चौधरी की बेटी श्रुति चौधरी मैदान में होगी. अटेली विधानसभा सीट से केन्द्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह की बेटी आरती राव को टिकट दी गई है. नलवा सीट से कुलदीप बिश्नोई के खासमखास रणधीर पनिहार को उम्मीदवार घोषित किया गया है. कलानौर रिजर्व सीट से रेणु डाबला चुनाव लड़ेंगी. मुलाना रिजर्व सीट से संतोष सरवन, कालका से शक्ति रानी, लोहारू हल्के से जेपी दलाल, फतेहाबाद से दूड़ा राम बिश्नोई और रानियां से रणजीत चौटाला की बजाय शीशपाल कंबोज को टिकट दी गई है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.