हिसार | CET में आवेदन करने के लिए आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सर्टिफिकेट अपलोड करने है. सरल पोर्टल पर लगातार तकनीकी समस्या आ रही है, जिनकी वजह से उनके प्रमाण पत्र बन नहीं पा रहे हैं. सरल पोर्टल की तकनीकी बाधाएं वीरवार को भी दूर नहीं हो पायी. 12 घंटे में दो बार मरम्मत की गयी, फिर भी पोर्टल पटरी पर नहीं आ पाया.
राज्य में हजारों आवेदकों से लेकर सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) तक का बुरा हाल है. आवेदकों की मांग है कि सीईटी के आवेदन की तिथि में बढ़ोतरी की जाए.
पटरी पर नहीं लौट रहा सरल पोर्टल
सरल पोर्टल पर बुधवार रात दो बजे से लेकर अगले दिन सुबह 6 बजे तक मरम्मत का काम किया गया. वीरवार को सरल पोर्टल काफ़ी देर से ओपन हुआ. पूरा दिन पोर्टल की गति धीमी बनी रही फिर भी काम पटरी पर नहीं लौटा तो NIC (राष्ट्रीय सूचना केंद्र) के अधिकारियों ने वीरवार शाम 4 बजे से शाम 6 बजे तक यानी 2 घंटे तक फिर से मरम्मत का काम करवाया.
नहीं निकल रहा प्रिंट
करनाल में कई आवेदकों के मोबाइल फोन पर प्रमाण पत्र जारी होने का मैसेज तो आया, मगर उनके सर्टिफिकेट का प्रिंट नहीं निकला. एनआईसी निदेशक सरल सतपाल शर्मा ने कहा कि ज्यादा आवेदन की वजह से रात में भी परेशानी आई थी. पोर्टल की मरम्मत का काम करवाया जा चुका है.
पोर्टल पर मांगे जा रहे मृत्यु प्रमाण पत्र
हिसार के बालसमंद के सीएससी संचालक राजकुमार की तरफ से सरल पोर्टल को लेकर बड़ी तकनीकी त्रुटि बताई गयी है. राजकुमार के अतिरिक्त पातन निवासी रोशनलाल ने कहा कि 3 दिन से कास्ट सर्टिफिकेट बनवाने के लिए सीएससी सेंटर पर आ जा रहे हैं, मगर पता चला कि पोर्टल पर मृत्यु प्रमाण पत्र मांगे जा रहे हैं, जबकि मेरे माता- पिता जीवित हैं.
