हरियाणा में कैबिनेट विस्तार की चर्चाओं ने पकड़ा जोर, देर शाम राज्यपाल से मिले सीएम मनोहर लाल

चंडीगढ़ | राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनावों में बीजेपी की प्रचंड जीत से हरियाणा में भी सियासी माहौल गरमाया हुआ है. अक्टूबर 2024 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले हरियाणा में कैबिनेट विस्तार की चर्चा तेज हो गई है. सीएम मनोहर लाल ने कल शाम अचानक से राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय से मुलाकात की है. ऐसे में हरियाणा मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा जोर पकड़ने लगी है.

CM Manohar Lal Khattar

सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, करीब डेढ़ घंटे चली मुलाकात के दौरान बाल कल्याण परिषद में नियुक्तियों और आयोग के चेयरमैनों के शपथ ग्रहण को लेकर भी चर्चा हुई है. चुनावी समीकरण साधने के लिए गठबंधन सरकार के प्रति समर्पित रहे निर्दलीय विधायकों को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है. वहीं, राजस्थान में बिश्नोई बेल्ट में भाजपा के बेहतरीन प्रदर्शन का ईनाम कुलदीप बिश्नोई को उनके बेटे भव्य बिश्नोई को मंत्री पद के रूप में मिल सकता है.

स्वास्थ्य विभाग छोड़ सकते हैं विज

अनिल विज की स्वास्थ्य विभाग को लेकर चल रही नाराजगी खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं और ऐसी चर्चा है कि यदि जल्द ही उनके विवाद का निपटारा नहीं हुआ तो वह स्वास्थ्य विभाग छोड़ सकते हैं. इस मामले को लेकर उन्होंने कहा है कि मुझे सीएम मनोहर लाल पर यकीन है कि वह जल्द ही कोई फैसला लेंगे. अब देखना यह है कि मुख्यमंत्री कोई कार्रवाई करते हैं या नहीं.

यह भी पढ़े -  हरियाणा में सोलर पैनल लगवाना हुआ आसान, बिजली निगम ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

गौरतलब है कि विज पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य विभाग की फाइलों पर हस्ताक्षर नहीं कर रहे हैं. यह मामला प्रदेश में चर्चा का विषय भी बना है. विज सीएमओ के एक अधिकारी द्वारा समीक्षा बैठक लेने से नाराज हैं और इस नाराजगी को लेकर पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष से लेकर मुख्यमंत्री तक को अवगत करा चुके हैं.

वहीं, हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र में प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस और आइएनएलडी भी इस मुद्दे को भुनाने की कोशिश करते हुए BJP- JJP गठबंधन सरकार पर दबाव बनाना चाहेंगे. ऐसे में सीएम मनोहर लाल जल्द ही इस मुद्दे को सुलझाने की कोशिश में हैं ताकि कांग्रेस पार्टी को निशाना साधते का मौका न मिले.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.