हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष के लिए फैसला, मधुबन का सरकारी मकान अब बनेगा कैंप ऑफिस

करनाल | हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण के लिए मधुबन स्थित हरियाणा पुलिस कॉम्प्लेक्स में सरकारी आवास को अस्थायी कैंप ऑफिस के तौर पर आवंटित किया गया है. सरकारी मकान नंबर-2 का इस्तेमाल अब विधानसभा अध्यक्ष के कैंप ऑफिस के रूप में किया जाएगा. यह आवंटन एक वर्ष की अवधि के लिए किया गया है. इस संबंध में हरियाणा आर्म्ड पुलिस, मधुबन के इंस्पेक्टर जनरल अशोक कुमार आईपीएस की ओर से आदेश जारी किए गए हैं. आदेश में संबंधित अधिकारियों को कैंप ऑफिस के लिए आवंटित मकान में जरूरी व्यवस्थाएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं.

Haryana CM Nayab Singh Saini

आदेश के अनुसार मकान नंबर- 2 में बिजली कनेक्शन से जुड़े कार्यों के अलावा अन्य आवश्यक काम भी कराए जाएंगे. हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन, मधुबन के कार्यकारी अभियंता को निर्देश दिया गया है कि सभी जरूरी कार्य सात दिन के भीतर पूरे कर लिए जाएं.

भेजी गई आदेश की प्रति

यह व्यवस्था हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय की ओर से भेजे गए 12 अगस्त 2026 के डायरी नंबर के आधार पर की गई है. पुलिस विभाग की ओर से जारी आदेश में सरकारी मकान को एक साल के लिए अस्थायी कैंप ऑफिस के रूप में उपलब्ध कराने की बात कही गई है. हरियाणा आर्म्ड पुलिस, मधुबन के इंस्पेक्टर जनरल अशोक कुमार आईपीएस के हस्ताक्षर से जारी आदेश की प्रतियां संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को भी भेजी गई हैं.

यह भी पढ़े -  हरियाणा में बारिश पर ब्रेक, पंचकूला- अंबाला- यमुनानगर में बूंदाबांदी के आसार; जानें मौसम का हाल

कार्रवाई करने के निर्देश

इनमें हरियाणा के मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव, हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष के सचिव और पुलिस महानिदेशक हरियाणा शामिल हैं. हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन, मधुबन के कार्यकारी अभियंता, हरियाणा पुलिस अकादमी मधुबन के एकल बिजली आपूर्ति केंद्र के प्रभारी तथा संबंधित कार्यालय के केयरटेकर को भी आदेश की प्रति भेजी गई है. सभी अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.