चंडीगढ़ | हरियाणा में खुद के घर का सपना देख रहे गरीब परिवारों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि राज्य में मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना 2.0 के दूसरे चरण के अन्तर्गत 1.58 लाख आवेदकों के लिए प्लॉट के आवंटन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई. इस योजना में 537 ग्राम पंचायतों और 24 महाग्राम पंचायतों में प्लॉट के लिए 1.58 लाख परिवारों ने आवेदन किया है.
गरीब परिवारों के घर का सपना होगा पूरा
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के साथ मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना 2.0 के दूसरे चरण के तहत प्लॉटों के आवंटन की प्रक्रिया का शुभारंभ करते हुए सीएम नायब सैनी ने कहा कि हर गरीब व जरूरतमंद व्यक्ति के सिर पर छत मुहैया करवाना हमारी सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है. विधानसभा चुनाव के दौरान हमने अपने संकल्प पत्र में वादा किया था कि शहरों और गांवों में गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराए जाएंगे. डबल इंजन की सरकार लगातार इस दिशा में कदम बढ़ा रही है.
सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हर परिवार को पक्का मकान उपलब्ध करवाने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना चलाई है. इसे और गति देते हुए हरियाणा में मुख्यमंत्री आवास योजना क्रियान्वित की जा रही है. जहां इस योजना के तहत सरकार गरीब लोगों को प्लॉट देगी. वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण के लिए वित्तीय सहायता राशि का लाभ दिया जाएगा. इस योजना के तहत सभी पात्र परिवारों को ग्राम पंचायत में 100 वर्ग गज तथा महाग्राम पंचायत में 50 वर्गगज के आवासीय प्लॉट दिए जाएंगे.
सामाजिक सुरक्षा पेंशन का मिलेगा लाभ
प्रदेश में करीब 25 हजार नए लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ मिलना शुरू हो गया है. इस योजना के तहत सीएम नायब सैनी ने इन नए लाभार्थियों के बैंक अकाउंट में 7.48 करोड़ रुपए की धनराशि हस्तांतरित की. इसके अलावा 530 लोगों को लाडली सामाजिक सुरक्षा भत्ता तथा स्कूल नहीं जाने वाले 106 निशक्त बच्चों के लिए सहायता राशि शुरू की गई है.
