हरियाणा में ढाई गुना तक बढ़ सकती है पानी की कीमत, इन जिलों में दिखेगा सबसे ज्यादा असर

चंडीगढ़ | हरियाणा में पीने के पानी की कीमतें बढ़ाने की तैयारियां शुरू हो गई है. इस बढ़ोतरी का सबसे ज्यादा असर दो जिलों फरीदाबाद और गुरुग्राम की जनता पर पड़ेगा. इस संबंध में वीरवार को सीएम नायब सैनी के प्रधान सचिव अरूण कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में एक बैठक हुई थी, जिसमें हरियाणा वॉटर रिसोर्सेज अथॉरिटी की अध्यक्ष केसनी आनंद अरोड़ा, गुरुग्राम मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (GMDA) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्यामल मिश्रा और अन्य विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे.

WATER 2

इतने रुपए तक हो सकती है बढ़ोतरी

इस बैठक में पीने के पानी की रिपोर्ट पेश की गई, जिसके अनुसार हरियाणा के मुकाबले चंडीगढ़, राजस्थान, केरल और महाराष्ट्र में पीने के पानी के लिए लोगों को ज्यादा कीमत चुकानी पड़ती है. जबकि हरियाणा में कीमत कम है. जिसके चलते यहां लोग पानी का दुरूपयोग बहुत अधिक मात्रा में करते हैं. वर्तमान में हरियाणा में पीने के पानी का न्यूनतम बिल 48 रुपए प्रति महीना है, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 115 रुपए प्रति महीना किए जाने की योजना बनाई जा रही है.

1 किलोलीटर पानी शोधित करने की बात करें तो GMDA को 11 रुपए खर्च आता है. वहीं, पब्लिक हेल्थ को जल शोधित करने में प्रति किलोलीटर 13.69 रुपए खर्च पड़ता है. बोरवेल सप्लाई के पानी पर 8 रुपए प्रति किलोलीटर का खर्च आता है. गुरुग्राम और मानेसर नगर निगम की ओर से 1 रुपए प्रति किलोलीटर के हिसाब से कालोनियों में पीने के पानी की आपूर्ति होती है.

यह भी पढ़े -  हरियाणा कांग्रेस को मिला नया प्रभारी, AICC ने जारी किए आदेश

रिपोर्ट के आधार पर होगा फैसला

सीएम नायब सैनी के प्रधान सचिव अरूण कुमार गुप्ता ने बताया कि बैठक में पीने के पानी और उसकी कीमत के बारे में विस्तार से चर्चा हुई है. साथ ही, सभी विभागों से कीमत में बढ़ोतरी को लेकर एक सप्ताह के भीतर सुझाव मांगे गए हैं. सभी विभाग एक सप्ताह के भीतर ये बता देंगे कि पीने के पानी की कीमतों में कितनी बढ़ोतरी करनी चाहिए. इस रिपोर्ट के आधार पर ही कीमतों में बढ़ोतरी पर फैसला लिया जाएगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.