चंडीगढ़ | हरियाणा में एक बार फिर इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है. राज्य सरकार 40 लाख रुपए तक के इलेक्ट्रिक वाहनों पर दोबारा सब्सिडी देने की तैयारी में है. उद्योग, वाणिज्य एवं पर्यावरण मंत्री राम नरबीर सिंह ने संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं. खासकर दो पहिया वाहनों की बिक्री बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है, क्योंकि इन पर 15% तक की छूट दी जा सकती है.
मध्यम वर्ग को होगा सीधा फायदा
अगर यह योजना लागू हो जाती है, तो दोपहिया इलेक्ट्रिक वाहनों पर 15,000 रुपए तक और कारों पर ₹1.5 लाख से ₹6 लाख रुपए तक का लाभ मिल सकता है. फिलहाल, राजधानी दिल्ली में भी इलेक्ट्रिक वाहनों पर 15% की सब्सिडी दी जा रही है, जिस कारण अधिकतर लोग दिल्ली में रजिस्ट्रेशन करवा रहे हैं. इससे हरियाणा को राजस्व का नुकसान हो रहा है.
बढ़ेगी ईवी बिक्री
मंत्री राम नरबीर सिंह ने बताया कि पर्यावरण हितैषी वाहनों को बढ़ावा देने के लिए सब्सिडी योजना को बहाल करना जरूरी है. उम्मीद जताई जा रही है कि नई नीति लागू होने के बाद टाटा टियागो EV, टाटा पंच EV और MG कॉमेट EV जैसी गाड़ियों की ऑन रोड कीमत करीब ₹1.5 लाख तक कम हो जाएगी. साथ ही, इलेक्ट्रिक स्कूटर और थ्री व्हीलर वाहनों की बिक्री में भी बड़ा इजाफा हो सकता है.
