चंडीगढ़ | हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ग्रुप सीईटी (CET) की तैयारी में लगातार जुटा हुआ है. आयोग की तरफ से कभी भी परीक्षा तिथि का ऐलान किया जा सकता है. परीक्षा तिथि के इसी हफ्ते जारी होने की काफी संभावना नजर आ रही है. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की तरफ से परीक्षा की तैयारियों को लेकर सभी जिलों के उपायुक्तों (DCs) के साथ एक समीक्षा बैठक की गयी है.
गंभीरता से हो रहा काम
इस मीटिंग में उन्होंने एग्जाम सेंटरों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सबको निर्देशित किया है, ताकि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और बिना किसी नकल के संपन्न कराई जाये. सरकार का प्रमुख लक्ष्य इस परीक्षा को पूर्ण रूप से निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से आयोजित करना है. मुख्यमंत्री का कहना है कि कॉमन एंट्रेंस टेस्ट को लेकर सरकार काफी गंभीर है. सरकार का लक्ष्य पूरी तरह से पारदर्शी तरीके से परीक्षा करवाना है.
जुलाई में करवाने की तैयारी
सीएम ने इस बात पर भी बल दिया कि बीते 11 सालों में बीजेपी सरकार ने हरियाणा में युवाओं को ‘बिना पर्ची और खर्ची’ के नौकरी दी है, जिससे भाजपा सरकार के प्रति युवाओं में विश्वास बढ़ा है. हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (HSSC) की तरफ से CET एग्जाम जुलाई में ही कराने की तैयारी की जा रही है. इस परीक्षा के लिए साढ़े 13 लाख से ज़्यादा युवाओं ने रजिस्ट्रेशन किया है. ऐसे में अब जल्द ही परीक्षा की तारीख घोषित की जाएगी और परीक्षा का आयोजन किया जाएगा.
