हरियाणा CM की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक खत्म, जल्द धरातल पर होगी करोड़ों रुपए की विकास परियोजनाएं

चंडीगढ़ | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में कल चंडीगढ़ में 75 करोड़ रुपए से ज्यादा लागत वाली मेगा परियोजनाओं को लेकर एक समीक्षा बैठक बुलाई गई थी. इस बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर और सार्वजनिक उपयोग की परियोजनाओं को तय मानकों और गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय- सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए. इसके साथ ही, उन्होंने कहा कि यदि विकास परियोजनाओं के निर्माण में देरी से लागत राशि में बढ़ोतरी हुई, तो संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होंगे.

CM Nayab Singh Saini

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संबंधित विभाग ऐसी सभी परियोजनाओं की मासिक समीक्षा रिपोर्ट नियमित रूप से तैयार करते हुए उसे प्रगति डैशबोर्ड पर अपलोड करें. इससे परियोजनाओं में पारदर्शिता आएगी और उनके क्रियान्वयन की गति पर भी निरंतर निगरानी रखना आसान हो जाएगा. उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें, ताकि लोगों को इन सुविधाओं का लाभ जल्द- से- जल्द मिल सके.

इन परियोजनाओं पर हुई चर्चा

समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री नायब सैनी को अवगत कराया कि जींद में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य लगभग 90% पूरा हो चुका है और इसे दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. वहीं, अंबाला कैंट में निर्माणाधीन ‘आजादी की पहली लड़ाई’ के शहीद स्मारक का काम लगभग पूरा होने की कगार पर पहुंच गया है और बचा हुआ कार्य अगले साल जनवरी तक पूरा कर लिया जाएगा.

यह भी पढ़े -  HSSC ने जारी किया महिला पुलिस कांस्टेबल PMT शेड्यूल, 8 जून से शुरू होगी प्रक्रिया

समीक्षा बैठक में युद्ध स्मारक स्टेडियम अंबाला का उन्नयन, बीके (सिविल) अस्पताल फरीदाबाद के परिसर में मातृ एवं शिशु अस्पताल और सेवा ब्लाक का निर्माण, फरीदाबाद में दिल्ली-  आगरा रोड NH- 19 से दिल्ली- वडोदरा एक्सप्रेसवे वाया बल्लभगढ़- मोहना रोड तक टू- लेन के पेव शोल्डर युक्त फोरलेन एलिवेटेड रोड का निर्माण, नूंह में पुराने सीएचसी परिसर में 100 बिस्तरों वाले जिला नागरिक अस्पताल का निर्माण और भारत सरकार के साथ संयुक्त उद्यम एनआइसीडीसी हरियाणा एकीकृत विनिर्माण क्लस्टर हिसार का निर्माण जैसी परियोजनाएं पर भी चर्चा की गई है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.