चंडीगढ़ | देश भर के कई राज्य आजकल भीषण गर्मी की चपेट में है. हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, राजस्थान सहित कई राज्यों का यही हाल है. गर्मी के प्रकोप के चलते बिजली की मांग भी बढ़ गई है. इसे देखते हुए हरियाणा बिजली निगम (Haryana Bijli Nigam) द्वारा अब घरेलू और कृषि क्षेत्र के लिए अलग- अलग समय निर्धारित कर दिया गया है.
वर्तमान में खेतों के लिए 8 घंटे, तो घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 16 घंटे बिजली सप्लाई निर्धारित की गई है. इस विषय में जिलों के सुपरिटेंडिंग इंजिनियर को पत्र भेज कर निर्देश दिए गए हैं, जिनके अनुसार चारों मंडल में अलग- अलग समय पर बिजली सप्लाई की जाएगी.
घरेलू सप्लाई का समय
बात करें यदि हिसार जिले की, तो यहां शाम 6:30 बजे से सुबह 6:30 तक और दिन में दोपहर 12 से 4:00 तक बिजली आपूर्ति दी जाएगी. रोहतक के लिए शाम 6:45 से सुबह 6:45 और दिन में दोपहर 12:00 से शाम 4:00 तक का समय निर्धारित किया गया है. इसी तर्ज पर पंचकूला में शाम 6:00 से सुबह 6:30 तक और दिन में 11:30 से दोपहर 3:00 तक बिजली सप्लाई की जाएगी. राजधानी दिल्ली में शाम 6:15 से सुबह 6:15 तक और दिन में 11:30 से दोपहर 3:00 तक बिजली आपूर्ति की जाएगी.
खेतों में बिजली सप्लाई का समय
इसी प्रकार रोहतक में रात 11:45 से सुबह 5:45 तक और शाम को 5:45 से 6:45 तक बिजली आपूर्ति की जाएगी. हिसार में रात 11:00 से सुबह 6:00 तक और शाम को 5:15 से 6:15 तक बिजली आपूर्ति की जाएगी. पंचकूला में रात 10:30 बजे से सुबह 5:30 तक और शाम को 6:00 से 7:00 तक बिजली आपूर्ति की जाएगी. दिल्ली में रात 11:15 बजे से सुबह 6:15 तक और शाम को 5:00 से 6:00 तक बिजली आपूर्ति की जाएगी.
