चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार (Haryana Govt) ग्रामीण विकास को नई गति देने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है. इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने उनके संसदीय क्षेत्र करनाल में चल रही बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान राज्य के हर गांवों को मॉडल गांव के रूप में विकसित करने का ऐलान किया है और इसकी शुरुआत 40 गांवों से की जाएगी. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए है कि सभी योजनाओं को पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध तरीके से लागू किया जाए, ताकि गांवों में विकास की रफ्तार तेज हो सके.

40 गांवों से शुरू होगा मॉडल अभियान
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि चुने गए 40 गांवों को पायलट प्रोजेक्ट के तहत मॉडल गांव के रूप में विकसित किया जाएगा. इन गांवों में ई- लाइब्रेरी, जिम, स्ट्रीट लाइट, सीवरेज, तालाब, स्कूलों में अतिरिक्त कमरे, चारदीवारी, ग्राम सचिवालय, शिवधाम, बेहतर सड़के जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी. उन्होंने कहा है कि सरकार का लक्ष्य गांवों को इस तरह विकसित करना है कि यहां शहर जैसी सुविधाएं मिले और लोगों को रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए शहरों पर निर्भर रहना पड़े.
विकसित भारत- विकसित हरियाणा का लक्ष्य
उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा है कि जो विकास कार्य पूरे हो चुके है, उनकी नियमित निगरानी और समय पर मरम्मत की जाएं. उन्होंने कहा है कि इन सब सुविधाओं के लिए सरकार बजट उपलब्ध कराएंगी लेकिन जहां जमीन की आवश्यकता होगी, तो उसकी व्यवस्था ग्राम पंचायत को करनी होगी. मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत- विकसित हरियाणा के संकल्प को साकार करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है.
ग्रामीण तस्वीर बदलने की तैयारी
केंद्रीय मंत्री खट्टर ने अपने संसदीय क्षेत्र के करीब 4 दर्जन गांवों को गोद लिया हुआ है, जहां वे खुद विकास कार्यों की निगरानी कर रहे है. इससे छोटे- बड़े प्रोजेक्ट्स की गति तेज हुई है और योजनाओं का लाभ भी ग्रामीणों तक पहुंचा है. सरकार का मानना है कि यदि यह पायलट प्रोजेक्ट सफल होता है तो इसे पूरे राज्य में लागू किया जाएगा, जिससे पुरे हरियाणा के ग्रामीण क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी.