चंडीगढ़ | हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त और सुलभ बनाने की दिशा में नायब सैनी सरकार (Nayab Saini Govt) ने एक क्रांतिकारी कदम उठाया है. अब राज्य के सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टर ‘ऑन- कॉल’ प्रणाली के तहत सेवाएं देंगे, ताकि गंभीर बीमारियों से ग्रस्त रोगियों को समय पर उपचार मुहैया कराया जा सके.
5 जिलों में लागू होगी व्यवस्था
स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने बताया कि सरकारी अस्पतालों में अब डाक्टरों के लिए पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत नो- नोड फार्मूला लागू किया जाएगा. सरकार की इस पहल से ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में भी विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा सकेगा.
उन्होंने बताया कि अब सरकारी अस्पतालों में स्त्री और बाल रोग सहित एनेस्थीसिया, सर्जरी और रेडियोलॉजी जैसे मामलों के विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं ऑन- कॉल मिलेगी. शुरूआती चरण में इस सेवा का लाभ मेवात, सोनीपत, जींद, कैथल और हिसार जिले की जनता को मिलेगा.
पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरूआत
आरती राव ने बताया कि पायलट प्रोजेक्ट के रूप में इस सेवा को शुरू किया जा रहा है, जिसका बाद में पूरे प्रदेश में विस्तार किया जाएगा. इस योजना से न केवल मरीजों को उच्च गुणवत्ता की चिकित्सकीय सुविधा का लाभ मिलेगा बल्कि जिला स्तर पर रेफरल सिस्टम की आवश्यकता में भी कमी आएगी.
प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति को समय पर गुणवत्तापूर्वक और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना हमारी सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में से एक है और यह नई पहल उसी दिशा में एक मजबूत और सकारात्मक प्रयास है. यह केवल एक नीतिगत बदलाव नहीं है, बल्कि प्रदेश की जनता पर केंद्रित सुधार हैं, जिसका उद्देश्य जिंदगी की रक्षा करना और स्वास्थ्य परिणामों में सुधार करना है.
