चंडीगढ़ | हरियाणा के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियो को दिए गए टैब में अब फ्री इंटरनेट की सुविधा नहीं मिल पाएगी. दरअसल, इस बारे में निदेशक माध्यमिक शिक्षा विभाग हरियाणा ने राज्य के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को नोटिस जारी कर दिया है. इसमें कहा गया है कि सत्र 2025- 26 के लिए किसी भी प्रकार की नेट सुविधा उपलब्ध नहीं रहेगी. देखा जाए तो अब विद्यार्थियों को टैब पर ऑनलाइन पढ़ाई करने के लिए अपनी जेब से डाटा खर्च करना होगा.

नोटिस में जानकारी देते हुए बताया गया कि अब विद्यार्थियो को इंटरनेट का खर्च स्वयं उठाना पड़ेगा अन्यथा स्कूलों में लगे ब्रॉडबैंड से बच्चे इंटरनेट लेकर पल सॉफ्टवेयर पर अपना काम कर सकेंगे. प्रतिवर्ष अनलिमिटेड डाटा के साथ मिलने वाली सिम से अब नेट नहीं चल पाएगा. इस सम्बंध में आवश्यक दिशा- निर्देश जारी कर दिए गए हैं.
पल सॉफ्टवेयर
हरियाणा सरकार ने सरकारी स्कूल के छात्रों के लिए सीखने को बढ़ाने के लिए एक व्यक्तिगत अनुकूली शिक्षणप्रणाली लागू की थी, जिसे पल भी कहा जाता है. बता दें कि पल प्लेटफ़ॉर्म के साथ टैबलेट भी वितरित किए जाते हैं. इस पहल के तहत, 5 लाख छात्रों को टैबलेट दिए गए थे. इसमें बच्चों को प्रतिदिन 2 जीबी इंटरनेट डेटा भी फ्री दिया जाता था, जिससे बच्चों को पढ़ाई करने में आसानी होती थी.
2022 में शुरू हुई थी ई- अधिगम टैबलेट परियोजना
ई- अधिगम टैबलेट परियोजना साल 2022 में शुरू की गई थी. यह परियोजना 10वीं, 11वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों को एकीकृत पीएएल समाधानों के साथ टैबलेट प्रदान करती है. सरकार के इस आदेश के कारण लाखों बच्चों को दिए गए टैबलेट अब कूड़ेदान में जाने लायक हो गए हैं क्योंकि बच्चे डाटा खरीदकर पढ़ने में असमर्थ हैं.