मंत्री संदीप सिंह प्रकरण को लेकर आज चंडीगढ़ पहुंचेंगे खाप प्रतिनिधि, DGP से करेंगे मुलाकात

चंडीगढ़ | हरियाणा के मंत्री संदीप सिंह छेड़छाड़ प्रकरण को लेकर खाप प्रतिनिधि आज चंडीगढ़ पहुंचेंगे. मामले की जांच कर रही चंडीगढ़ पुलिस की SIT द्वारा देरी के विरोध में खाप प्रतिनिधि डीजीपी से मिलेंगे. इससे पहले खापों ने 26 जनवरी को संदीप सिंह द्वारा झंडा फहराने का विरोध जताया था.

sandeep singh

25 दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं

हरियाणा की जूनियर महिला कोच के खुलासे के बाद चंडीगढ़ पुलिस ने 31 दिसंबर को मंत्री के खिलाफ मामला दर्ज किया था लेकिन मामला दर्ज होने के 25 दिन बाद भी मंत्री को गिरफ्तार नहीं किया गया है. मामले की जांच एसआईटी कर रही है. इस मामले में एसआईटी महिला कोच और संदीप सिंह से पूछताछ कर चुकी है.

अब तक क्या हुआ

29 दिसंबर को खेल विभाग में जूनियर महिला कोच ने मीडिया के सामने आकर संदीप सिंह पर छेड़छाड़ समेत कई गंभीर आरोप लगाए. इसके बाद, 30 दिसंबर को महिला ने चंडीगढ़ पुलिस को लिखित शिकायत दी. महिला कोच ने आरोप लगाया था कि मंत्री ने उन्हें 1 जुलाई 2022 को चंडीगढ़ स्थित अपने सरकारी आवास पर बुलाया था. यहां दस्तावेज सत्यापन के बहाने उसके साथ छेड़छाड़ की और उसकी टी- शर्ट भी फाड़ दी.

इन धाराओं में दर्ज हुआ केस

जूनियर महिला कोच का आरोप है कि मंत्री उनसे इंस्टाग्राम पर चैट किया करते थे. लिखित शिकायत के बाद पुलिस ने मंत्री के खिलाफ आईपीसी की धारा 354, 354ए, 354बी, 342 और 506 के तहत मामला दर्ज किया है. इसके बाद, संदीप सिंह से खेल विभाग वापस ले लिया गया. महिला कोच ने यह भी आरोप लगाया है कि उन्हें एक करोड़ रुपये की पेशकश की गई और मंत्री के खिलाफ शिकायत वापस लेने की धमकी दी गई.

Avatar of Pravesh Chauhan
Pravesh Chauhan
View all posts

मेरा नाम प्रवेश चौहान है. मीडिया लाइन में पिछले 4 वर्ष से काम कर रहा हूँ. मैंने पत्रकारिता में स्नातक की डिग्री हासिल की है.