चंडीगढ़ | हरियाणा CET (संयुक्त पात्रता परीक्षा) 2025 के लिए वीरवार को यानि आज पोर्टल के जरिये आवेदन की अंतिम तिथि है. आवेदन से ठीक एक दिन पहले आवेदकों को दोहरी परेशानियों को झेलना पड़ा. सीईटी पोर्टल पर दिन के समय थोड़ी देरी हुई, जिससे 2 बार आवेदकों को तकनीकी परेशानी का सामना करना पड़ा. OTP (वन टाइम पासवर्ड) भी काफ़ी देर से पहुंच रहें थे.

10- 15 मिनट के लिए आई तकनीकी समस्या
सरल पोर्टल की स्पीड भी बेहद धीमी बनी रही. सीईटी के लिए 12 जून वीरवार तक आवेदन किये जा सकेंगे. क़ल आवेदन वालों की भारी भीड़ बनी रही. रोहतक के विनय ने बताया कि बुधवार की सुबह लगभग 11 बजे सीईटी पोर्टल पर आवेदन करते वक़्त लगभग 10- 15 मिनट के लिए तकनीकी दिक्कत आई. इस वजह से थोड़ी देर के लिए परेशानी हुई. इसी प्रकार से शाम को लगभग चार बजे भी इसी प्रकार से परेशानी हुई.
सरल पोर्टल की स्पीड भी रही धीमी
सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) संचालक शक्ति ने बताया कि सीईटी पर आवेदन करने के दौरान मोबाइल पर ओटीपी 5 से 10 मिनट देर से पहुँचे, इसलिए आवेदन के समय थोड़ा ज्यादा समय लगा. क़ल बुधवार को सरल पोर्टल की स्पीड भी काफ़ी मंद रही, ऐसे में आवेदक बहुत परेशान रहे. हिसार निवासी गुड़िया ने बताया कि उन्हें बीसी (पिछड़े वर्ग) से जुड़ा प्रमाण पत्र चाहिए, लेकिन नया सर्टिफिकेट बनवाने के लिए बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा.
फतेहाबाद के रहने वाले अंकित ने बताया कि मैंने एससी (शेड्यूल कास्ट) का प्रमाण पत्र बनवाने के लिए छह जून को ही आवेदन कर दिया था सर्टिफिकेट बनवाने के लिए आवेदन तो हो गया, मगर बुधवार की शाम तक उनका प्रमाण- पत्र डाउनलोड नहीं हो पाया. ऐसे में वह सीईटी के लिए आवेदन नहीं कर पा रहे.
1 सेकंड के लिए भी नहीं आया एरर
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के सदस्य भूपेंद्र चौहान का कहना है कि सीईटी के आवेदन 12 जून तक होंगे. उसके बाद, 14 जून तक आवेदक शुल्क जमा करा सकेंगे. सीईटी के पोर्टल पर बुधवार को 1 सेकंड का भी कोई एरर नहीं आया और ओटीपी भी वक़्त से आए. किसी जगह पर हो सकता है कि इंटरनेट की स्पीड ही धीमी हो, इस वजह से उन्हें परेशानी आई हो.