चंडीगढ़ | हरियाणा में ग्रुप C और D की सरकारी नौकरियों के लिए संयुक्त पात्रता परीक्षा (CET) को अनिवार्य किया गया है. फिलहाल, परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन चल रहे हैं. CET 2025 के लिए 12 जून वीरवार तक आवेदन किये जा सकेंगे. हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) के चेयरमैन हिम्मत सिंह का कहना है कि अभी आवेदन की तिथि बढ़ाने का कोई विचार नहीं है.
12 जून तक कर पाएंगे आवेदन
हाईकोर्ट की तरफ से आदेश दिए गए हैं कि सीईटी समय से ही हो. उन्होंने यह भी कहा कि अगर सरकार तिथि बढ़ाने का फैसला लेती है तो अलग बात है, पर आयोग तिथि बढ़ाने के बारे में कोई विचार नहीं कर रहा है. सीईटी 2025 सी ग्रुप के लिए 12 जून की रात 11.59 बजे तक आवेदन किए जा सकेंगे, जबकि आवेदक 14 जून की शाम 6 बजे तक आवेदक शुल्क जमा करा पाएंगे. आवेदकों को आवेदन करते समय परेशानी आ रही है, क्योंकि जो भी उम्मीदवार आरक्षित वर्ग से संबंधित है, उनके सर्टिफिकेट नहीं बन रहे हैं.
सरल पोर्टल की गति धीमी
सीईटी के लिए आवेदन के बीच सरल पोर्टल पूरी तरह से स्पीड नहीं पकड़ पा रहा है. आवेदकों की मांग है कि सरकार सीईटी के आवेदन की तिथि को बढ़ा दे. रोहतक के सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर संचालक) विनय ने जानकारी दी कि सरल पोर्टल की गति क़ल यानि मंगलवार को धीमी रही, इस वजह से काफी समस्या रही.
रजिस्टर्ड मोबाइल पर ही आ रहा मैसेज
सरल पोर्टल पर प्रमाण- पत्र बनवाने के लिए पिछले कई दिनों से आवेदकों को बड़ी दिक्कत झेलनी पड़ रही है. सरल पोर्टल पर बढ़ती आवेदकों की संख्या को देखते हुए एनआईसी (राष्ट्रीय सूचना केंद्र) ने तीन दिन पहले 28 मई से एक जून के बीच आवेदन करने वालों के लिए डाउनलोड लिंक खोला था. ऐसे में आवेदन करने वालों के रजिस्टर्ड मोबाइल पर ही सर्टिफिकेट निकलवाने के लिए मैसेज पहुंच रहे हैं.
