चंडीगढ़ | हरियाणा में ग्रुप सी के सरकारी पदों पर भर्ती के लिए आयोजित होने वाली सामान्य पात्रता परीक्षा (CET) के लिए 13 लाख 48 हजार 697 युवाओं ने आवेदन किया है. आयोग द्वारा इसके लिए 12 जून तक का वक़्त दिया गया था. बाद में इसे 2 दिन और भी बढ़ाया गया था.परीक्षा आवेदन करने में हिसार जिले के युवा जहां सबसे आगे रहे.
पंचकूला से सबसे कम आवेदन आए है. हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) जल्द घोषणा करेगा कि परीक्षा कब आयोजित होगी.
हिसार से आए सबसे ज्यादा आवेदन
एचएसएससी के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने बताया कि हिसार से सबसे एक लाख 44 हजार 403 युवाओं ने आवेदन किया है. भिवानी से एक लाख पांच हजार 469 और जींद से एक लाख पांच हजार 344 आवेदन मिले है. सबसे कम आवेदन करने वाले जिलों में पंचकूला से 13 हजार 422, फरीदाबाद से 22 हजार 424 और नूंह से 22 हजार 940 आवेदन आए है.
जल्द होगा परीक्षा की तिथि का ऐलान
हिम्मत सिंह का कहना है कि आयोग सीईटी की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ आयोजित करने के लिए प्रतिबद्ध है. परीक्षा की तिथि की ऐलान जल्द होगा. उन्होंने अभ्यर्थियों के लिए आह्वान किया कि सभी परीक्षा की तैयारी पर ध्यान केंद्रित करें और आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर समय-समय पर जारी होने वाले दिशा-निर्देशों का पालन करें.
कई शिफ्ट में परीक्षा आयोजित करने की योजना
अभ्यर्थियों की बड़ी संख्या को देखते हुए एचएसएससी द्वारा परीक्षा को कई शिफ्ट में आयोजित करने की प्लानिंग की जा रही है. परीक्षा के लिए पहले ही केंद्रों को चिह्नित किया जा चुका है. मुख्य सचिव जल्द ही सभी जिलों के DC और SP के साथ मीटिंग करेंगे. इस मीटिंग में एग्जाम सेंटर के साथ ही सरकार उनकी सिक्योरिटी को लेकर भी चर्चा की जाएगी. सुरक्षा को देखते हुए जहां तक संभव होगा, उन जिलों में धारा 144 भी लागू की जा सकती है.
