चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार (Haryana Govt) में बिजली एवं परिवहन मंत्री अनिल विज की अध्यक्षता में शुक्रवार को हाई पावर पर्चेज कमेटी की बैठक हुई, जिसमें बिजली एवं परिवहन विभाग के लिए कई जरूरी खरीद को मंजूरी प्रदान की गई. इस बैठक में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, परिवहन विभाग के आयुक्त एवं सचिव टीएल सत्यप्रकाश और उर्जा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अपूर्व कुमार सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.
नए सब- स्टेशन किए जाएंगे स्थापित
बैठक के दौरान बिजली मंत्री ने कहा कि बिजली विभाग द्वारा नए सब- स्टेशन स्थापित किए जाएंगे. पुराने व जर्जर हालत में पहुंच चुके बिजली के खंभों को बदला जाएगा. उन्होंने पिछले दिनों प्रदेश में आई आंधी व बेमौसम बरसात पर संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में जितने भी बिजली के सबस्टेशन स्थापित किए जाएं, तो जगह इत्यादि के संबंध में संबंधित अधिकारियों व विभागों से अनापत्ति प्रमाण- पत्र लिया जाएं.
अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सोच के अनुरूप वर्ष 2047 में विकसित भारत के संकल्प को देखते हुए बिजली निगमों द्वारा बिजली के सब- स्टेशन एवं पोल इत्यादि की स्थापना की जाए. उन्होंने प्रदेश की जनता को उच्च गुणवत्तापूरक व समय पर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उर्जा विभाग के अधिकारियों को मौसम को मद्देनजर रखते हुए कार्रवाई करने के निर्देश दिए. इसके लिए संबंधित अधिकारियों को मौसम से संबंधित जानकारी रखनी होगी और मौसम विभाग के अधिकारियों से तालमेल रखना होगा.
17 ट्रकों की खरीद को मंजूरी
हाई पावर पर्चेज कमेटी की बैठक में बिजली आपूर्ति और मरम्मत आदि कार्यों के लिए सात सीटों वाले ड्यूल कैबिन के 17 ट्रकों की खरीद को मंजूरी दी गई है. इसके अलावा, परिवहन विभाग के लिए बसों के टायरों की मरम्मत हेतू प्रीक्योरेड थ्रेड रबर, बोंडिंग गम तथा वैलकनाईजिंग सोल्यूशन की आपूर्ति के लिए दाम फाइनल करते हुए एजेंसी को कार्य सौंपा गया है.
