चंडीगढ़ | हरियाणा में रोडवेज बसों पर अभी तक आपने ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का संदेश लिखा हुआ देखा है लेकिन अब इन बसों पर एक और संदेश लिखा हुआ दिखाई देने जा रहा है. परिवहन मंत्री अनिल विज ने बताया कि रोडवेज बसों पर अब ‘जानवरों पर दया करो’ का संदेश भी लिखा जाएगा.
अनिल विज ने बताया कि सरकारी बसों के साथ सहकारी परिवहन समितियों और प्राइवेट बस संचालकों को भी जीवों को बचाने के लिए प्रेरित करता स्लोगन लिखना होगा. यह फैसला पशुओं के प्रति दयालुता बढ़ाने और सड़क पर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है.
परिवहन मंत्री ने दिए निर्देश
राज्य सरकार ने सभी सार्वजनिक परिवहन वाहनों पर यह संदेश लिखना अनिवार्य किया है. परिवहन आयुक्त ने सभी जिला परिवहन अधिकारियों और सह क्षेत्रीय यातायात प्राधिकरण सचिवों को आदेशों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं. हिंदी के साथ अंग्रेजी में भी इस स्लोगन को लिखा जा सकता है.
150 MM होनी चाहिए उंचाई
परिवहन विभाग द्वारा जारी निर्देशों में कहा गया है कि स्लोगन का रंग इस हिसाब से हो कि बस के रंग से मिलान न हो. इसे पेंट या स्टीकर के रूप में भी लगाया जा सकता है. इसकी न्यूनतम उंचाई 150 MM होनी चाहिए. इसे ऐसी जगह पर लगाना होगा, जहां से सभी को दिखाई दे. सरकार ने उम्मीद जताई है कि इस पहल से लोगों में पशु कल्याण को लेकर जागरूकता बढ़ेगी.
