हरियाणा के सरकारी स्कूलों में अब बच्चों को रोजाना मिलेगा दूध, 1 दिन चखेंगे पिन्नी का स्वाद

चंडीगढ़ | हरियाणा के सरकारी स्कूलों और बाल वाटिकाओं में कक्षा 8वीं तक के बच्चों को मध्याह्न भोजन में अब सप्ताह में छह दिन 200 मिलीलीटर स्किम्ड फ्लेवर्ड (कम वसा युक्त) दूध दिया जायेगा. अभी तक सप्ताह में 3 दिन ही यह दूध उपलब्ध कराया जा रहा था. इसके अलावा, सप्ताह में 1 दिन सभी जिलों में बच्चों को खाने के लिए पिन्नी दी जाएगी. साथ ही, सप्ताह में 2 दिन प्रोटीन युक्त मिल्क बार भी दिया जायेगा.

mid day meal

लाखों बच्चों को मिलेगा फायदा

प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण (पीएम- पोषण) योजना (पूर्व में मध्याह्न भोजन योजना) के तहत बृहस्पतिवार को मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में हुई राज्य स्तरीय संचालन- सह- निगरानी समिति की बैठक में 665.65 करोड़ का बजट स्वीकृत किया गया है. इसका लाभ 15 लाख से अधिक बच्चों को मिलेगा.

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना को समयबद्ध और प्रभावी तरीके से लागू किया जाए ताकि हर पात्र बच्चे के लिए पोषणयुक्त और प्रोटीन युक्त भोजन सुनिश्चित किया जा सके. यह योजना केवल भोजन उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्राथमिक शिक्षा के सार्वभौमीकरण का मिशन हैं.

यह भी पढ़े -  HSSC का बड़ा अपडेट, 20 अप्रैल से PMT; हरियाणा के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में होगा आयोजन

स्कूलों में हरी सब्जियों की खेती

बैठक में बताया गया कि स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव के सुझाव पर प्रदेश के 10 हजार से ज्यादा स्कूलों में स्थित रसोई उद्यानों में हरी पत्तेदार सब्जियों जैसे मेथी, पालक और सरसों की खेती शुरू की गई है. इससे बच्चों को आयरन और फाइबर युक्त आहार मिल रहा है.

अतिरिक्त मुख्य सचिव विनीत गर्ग ने बताया कि पोषण प्रभाव को और बेहतर बनाने के लिए हाल ही में विश्व खाद्य कार्यक्रम के साथ चार जिलों मेवात, पानीपत, सोनीपत और पलवल (केवल हथीन खंड) के लिए आशय पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं. भिवानी और मेवात में पूरक पोषण के रूप में हर सप्ताह पिन्नी का वितरण किया जा रहा है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.