चंडीगढ़ | पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ के अस्पतालों में इलाज के लिए पहुंचने वाले मरीजों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. यहां सेक्टर- 32 स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH- 32) की ओपीडी के समय में बदलाव कर दिया गया है. इसके अलावा, सेक्टर- 48 के साउथ कैंपस में भी OPD के समय में बदलाव किया गया है.
यह रहेगी नई टाइमिंग
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों अस्पतालों के ओपीडी के समय में पहले से बढ़ोतरी की गई है. अब ओपीडी की नई टाइमिंग सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगी. नया शेड्यूल 24 जुलाई यानि कल वीरवार से लागू हो जाएगा. विभाग ने बताया है कि ओपीडी पंजीकरण का समय सुबह 8 बजे से 11 बजे तक रहेगा.
ब्लड सैंपल लेने की नई टाइमिंग
OPD में आने वाले मरीजों को देखने का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक रहेगा. ब्लड सैंपल लेने का समय सोमवार से शुक्रवार को सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहेगा. वहीं, शनिवार को ब्लड सैंपल लेने का समय सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित किया गया है.
24 घंटे रहेगी एमरजेंसी सेवाएं
एमरजेंसी सेवाएं पहले की तरह 24 घंटे उपलब्ध रहेगी. अस्पताल प्रबंधन की ओर से मरीजों को नए समय का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है, ताकि अस्पताल आने पर अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके. अस्पताल प्रबंधन ने कहा है कि मरीज निर्धारित समयानुसार अस्पताल पहुंचकर बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं.
