चंडीगढ़ | सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ में खुद के घर का सपना देख रहे लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां लंबे समय बाद कोई बड़ा हाउसिंग प्रोजेक्ट धरातल पर अमलीजामा पहनने जा रहा है. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर 400 से ज्यादा परिवारों के लिए खुद के घर का सपना पूरा करने की तस्वीर साफ हो जाएगी.
ग्रीन एरिया से आएगी सुकून की सांस
मनीमाजरा में नगर निगम की 7.7 एकड़ जमीन पर यह हाउसिंग प्रोजेक्ट विकसित होगा. इस प्रोजेक्ट को पर्यावरण विभाग से मंजूरी मिल चुकी है. खास बात यह है यहां फ्लैट्स में रहने वालों को सुकून की सांस मिल सके, इसके लिए ग्रीन बेल्ट, पार्क और ट्री कवर विकसित किया जाएगा. यहां साथ लगती साढ़े 4 एकड़ जमीन पर ग्रीन बेल्ट, पार्क या प्ले ग्राउंड के लिए होगी. यहीं, इस कंक्रीट प्रोजेक्ट के लिए फेफड़ों की तरह काम करेंगे, जहां से सुकून की सांस आएगी.
इस प्रोजेक्ट की लोकेशन भी बेहद खास है. यह जमीन पाकेट नंबर- 6 में होटल सालिटेयर के पीछे स्थित है. यह हाउसिंग प्रोजेक्ट चंडीगढ़ की जमीन पर विकसित किया जाएगा. इसके दूसरी तरफ पंचकूला शुरू हो जाएगा. एक तरफ चंडीगढ़ मौली जागरां वाली सड़क लगेगी, तो दूसरी तरफ पंचकूला जाने वाली सड़क लगेगी. सामने चंडीगढ़- कालका सड़क मार्ग यानि हाउसिंग बोर्ड चौक है. यहां कुल 33.55 एकड़ जमीन चंडीगढ़- कालका रोड से पंचकूला को जाने वाले रोड और मौलीजागरां को जाने वाले रोड के बीच स्थित है.
5 रेजिडेंशियल साइट पर बनेंगे फ्लैट्स
7.7 एकड़ जमीन पांच अलग-अलग रेजिडेंशियल साइट में बंटी है. इसमें से 1.22- 1.22 एकड़ की तीन साइट, एक साइट 2.1 एकड़ और एक अन्य 1.94 एकड़ की है. जानिंग प्लान में प्रोजेक्ट की अधिकतम हाइट 74 फीट रहेगी. फ्लोर एरिया रेशो दो रहेगा.
इस एफएआर में स्टिल्ट पार्किंग के अलावा पांच मंजिल बन सकेंगी. इस प्रोजेक्ट में 400 से अधिक फ्लैट बनने की संभावना जताई जा रही है. इन साइट का रिजर्व प्राइज 794 करोड़ निर्धारित किया गया है. हालांकि, नीलामी में 1,000 करोड़ रुपये से अधिक मिलने की उम्मीद है.
