चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार (Haryana Govt) ने स्कूलों के आसपास ट्रैफिक कंट्रोल करने की दिशा में एक नई पहल की है. स्कूली बच्चों तथा राहगीरों को सुरक्षित सड़क पार कराने के लिए जेबरा क्रॉसिंग या सिग्नल वाले क्रॉसिंग सहित अन्य पैदल यात्री सुविधाएं प्रदान की जाएंगी. इसके अलावा, तेज रफ्तार से चलने वाले वाहनों को रोकने के लिए स्पीड हंप, रोड ब्रेकिंग और अन्य यातायात नियंत्रण उपकरणों का उपयोग किया जाएगा.
सड़क सुरक्षा की जानकारी
स्कूली बच्चों और शिक्षकों को सड़क सुरक्षा के बारे में शिक्षित किया जाएगा और इसके लिए नियमित रूप से सड़क सुरक्षा शिक्षा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. बता दें कि पहली बार पीडब्ल्यूडी विभाग (भवन एवं सड़कें) ने प्रदेश में स्कूल जोन रोड सेफ्टी ट्रीटमेंट परियोजना शुरू करने का फैसला लिया है. इसके लिए समिति ने विभाग को 25 करोड़ रुपए आवंटित किए हैं.
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में हुई सड़क सुरक्षा कोष प्रबंधन समिति की बैठक में साढ़े 74 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी है. इससे सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करने और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणालियों को बढ़ाने में सहायता मिलेगी.
2 करोड़ रुपये मंजूर
लोक निर्माण विभाग द्वारा स्थानीय सुरक्षा गतिविधियां चलाने के लिए जिला सड़क सुरक्षा समितियों के लिए 10 करोड रुपये, माध्यमिक शिक्षा विभाग के लिए 1 करोड़ रुपये तथा राज्य सड़क सुरक्षा परिषद सचिवालय के लिए दो करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं.
