हरियाणा के छोरे अमित ने इंटरनेशनल टूर्नामेंट में जीता गोल्ड मेडल, एशियन चैंपियनशिप के लिए किया क्वालीफाई

चरखी दादरी | अपने बेहतर खेल की बदौलत हरियाणा की युवा पीढ़ी आज देश- दुनिया में नाम कमा रही है. इसी कड़ी में चरखी दादरी जिले के गांव मौड़ी निवासी अमित ने नेपाल में आयोजित हुई इंडो नेपाल इंटरनेशनल टूर्नामेंट में 5 हजार मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल जीतकर देश व प्रदेश का नाम रोशन किया है. उन्होंने इस दौड़ में शानदार खेल दिखाते हुए सभी प्रतिभागियों को पछाड़ कर प्रथम स्थान हासिल किया.

Amit Player Charkhi Dadri

किया स्वागत

इंडो नेपाल इंटरनेशनल टूर्नामेंट में गोल्ड मेडल जीतकर गांव पहुंचे अमित का ग्रामीणों ने फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया. अमित अपने गांव में ही स्थित सीबीएस स्कूल में कक्षा 12वीं का छात्र है. यहां पहुंचने पर स्कूल स्टाफ ने भी उनका जोरदार स्वागत किया. स्टाफ ने उन्हें गोल्ड मेडल जीतने पर बधाई देते हुए उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं में जीत हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया.

एशियन चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई

अमित ने इंडो नेपाल इंटरनेशनल टूर्नामेंट में गोल्ड मेडल जीतते हुए दुबई में आयोजित होने वाली एशियन चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर लिया है. अमित ने बताया कि इस टूर्नामेंट में वो देश का प्रतिनिधित्व करते हुए फिर से गोल्ड मेडल जीतना चाहेंगे और इसके लिए वो निरंतर कड़ी मेहनत में जुट जाएंगे.

यह भी पढ़े -  खिलाड़ियों के लिए खुशखबरी, हरियाणा में खेल उपलब्धियों के आधार पर मिली सरकारी नौकरी

9 फरवरी को होगा सम्मान समारोह

अमित की इस बड़ी उपलब्धि पर ग्रामीणों में खुशी का माहौल बना हुआ है. गांव वालों ने बताया कि अमित इससे पहले स्टेट और नेशनल लेवल पर पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुका है. वहीं, अब इंटरनेशनल टूर्नामेंट में गोल्ड मेडल जीतकर उसने न सिर्फ गांव बल्कि जिला, प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है. इसके लिए 9 फरवरी को गांव में स्थित वाटिका में एक सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जहां गोल्ड मेडल विजेता अमित का भव्य स्वागत होगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.