हरियाणा में सेना भर्ती की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए खुशखबरी, इस जिले में खुलेगा सशस्त्र बल प्रशिक्षण संस्थान

चरखी दादरी | हरियाणा के चरखी दादरी जिले में सेना भर्ती की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. जिले के इन युवाओं को अब सशस्त्र बल की तैयारी के लिए इधर- उधर भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी. जल्द ही, युवाओं को अपने गृह जिले में ही यह सुविधा मिलेगी. प्रदेश सरकार ने चरखी दादरी के भैरवी गांव स्थित किसान मॉडल स्कूल में सशस्त्र बल प्रशिक्षण संस्थान खोलने का फैसला लिया है और इसके लिए जिला सैनिक एवं अर्द्ध सैनिक कार्यालय ने कवायद शुरू करते हुए विभिन्न विभागों से पत्राचार किया है.

ARMY BHARTI

सीएम ने बजट में की थी घोषणा

किसान मॉडल स्कूल में इस समय खेल, खनन व मत्स्य पालन विभाग समेत राजकीय पीजी कॉलेज संचालित है. यहां सशस्त्र बल प्रशिक्षण संस्थान खोलने के लिए इन विभागों के कार्यालय स्थानांतरित किए जाने हैं. इसके मद्देनजर जिला सैनिक एवं अर्द्ध सैनिक कार्यालय ने प्रयास शुरू कर दिए हैं और वेलफेयर ऑफिसर की ओर से इन विभागों को पत्राचार किया गया है. इसमें इनसे भवन की मौजूदा स्थिति का ब्योरा और एनओसी मांगी गई है. इतना ही नहीं, इन विभागों से कार्यालय का लंबित बिजली बिल भुगतान करने का भी आग्रह किया गया है.

विधायक की मेहनत रंग लाई

फरवरी 2025 के बजट अधिवेशन में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने प्रदेश के तीन जिलों में सशस्त्र बल तैयारी संस्थान खोलने की घोषणा की थी. चरखी दादरी का चयन यहां के युवाओं का सेना से जुड़ाव व समर्पण को देखते हुए प्राथमिकता से किया गया है.

हरियाणा के प्रधान सचिव, सैनिक एवं अर्द्ध सैनिक कल्याण विभाग की ओर से बैठक आयोजित कर चयनित जगह के बारे में जानकारी मांगी गई थी, ताकि भवन के कमरों का माप और उपलब्ध अन्य सुविधाओं की जानकारी मिल सके. चरखी दादरी विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक सुनील सांगवान के प्रयासों से ही सशस्त्र बल तैयारी संस्थान खोलने की मांग परवान चढ़ी है. उन्होंने विधानसभा में भी मांग उठाई थी.

सचिवालय भवन बनने के बाद शिफ्ट होंगे कार्यालय

चरखी दादरी में जिला स्तरीय लघु सचिवालय भवन निर्माणाधीन है. जल्द ही, निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा. इसके तुरंत बाद किसान मॉडल स्कूल भवन में संचालित विभिन्न विभागों के कार्यालय वहां स्थानांतरित हो जाएंगे. इसके बाद, सशस्त्र बल की तैयारी करने वाले युवाओं को यहां पर्याप्त जगह उपलब्ध हो सकेगी.

जान जोखिम में डाल नहीं करनी पड़ेगी तैयारी

जिले के युवाओं में सेना में भर्ती होकर देशसेवा का जज्बा कूट- कूट कर भरा हुआ है. अमूमन ज्यादातर गांवों में युवा सुबह 4 से 5 बजे के बीच सड़कों पर दौड़ लगाकर सेना भर्ती की तैयारी करते नजर आते हैं. ऐसे में चरखी दादरी में सशस्त्र बल प्रशिक्षण संस्थान बनने के बाद युवाओं को जान जोखिम में डालकर सड़कों पर तैयारी नहीं करनी पड़ेगी.

मुख्यमंत्री नायब सैनी की घोषणा अनुसार, गांव भैरवी स्थित किसान मॉडल स्कूल में सशस्त्र बल तैयारी संस्थान खोला जाना है. इसके लिए हमने पत्राचार शुरू कर दिया है. जल्द ही, सशस्त्र बल तैयारी संस्थान शुरू हो जाएगा और इसका युवाओं का काफी लाभ मिलेगा- सुनील कुमार, जिला सैनिक एवं अर्द्ध सैनिक कल्याण अधिकारी

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.