हरियाणा के इस जिले को मिलेगी अटल किसान मजदूर कैंटीन की सौगात, 10 रूपए में मिलेगा खाना

चरखी दादरी | हरियाणा के चरखी दादरी अनाज मंडी में जल्द ही अटल किसान मजदूर कैंटीन (Atal Kisan Majdur Canteen) की शुरुआत की जाएगी. हरियाणा स्टेट एग्रीकल्चरल मार्केटिंग (HSAM) बोर्ड पंचकूला के मुख्य प्रशासक ने इसे हरी झंडी दे दी है. शुरुआत में इसे अस्थाई तौर पर संचालित किया जाएगा. इसके लिए बजट भी जारी कर दिया गया है. मार्केट कमेटी अधिकारियों के अनुसार, सोमवार या मंगलवार तक यह कैंटीन शुरू हो जाएगी. इसके बाद, किसान, श्रमिक और आढ़ती यहां मात्र ₹10 में भरपेट भोजन कर सकेंगे.

Khana Food

आचार संहिता के कारण रुका था काम

इससे पहले इस कैंटीन को खोला जाना था, लेकिन आचार संहिता लगने के कारण प्रक्रिया अटक गई थी. अब अनुमान है कि अगले सप्ताह तक इसे शुरू कर दिया जाएगा. बीते 20 फरवरी को HSAM बोर्ड ने एक पत्र जारी किया था, जिसमें चरखी दादरी समेत प्रदेश की 40 अनाज मंडियों में अटल किसान मजदूर कैंटीन खोलने के निर्देश दिए गए थे. इसमें किसानों, आढ़तियों और अन्य लोगों को ₹10 प्रति थाली भोजन देने की योजना बनाई गई थी. 12 मार्च तक कैंटीन शुरू करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निकाय चुनाव के चलते इस योजना को रोक दिया गया था.

अस्थाई भवन में शुरू होगी सेवा

दादरी मार्केट कमेटी सचिव विजय कुमार ने जानकारी दी कि सोमवार या मंगलवार तक कैंटीन की शुरुआत कर दी जाएगी. फिलहाल, अनाज मंडी में कैंटीन के लिए भवन उपलब्ध नहीं है, इसलिए इसे किसान विश्राम गृह के हॉल में अस्थाई तौर पर संचालित किया जाएगा. स्थायी भवन के लिए जगह चयनित कर प्रस्ताव अधिकारियों को भेज दिया गया है. जल्द ही, भवन निर्माण पूरा होने के बाद वहां कैंटीन को स्थानांतरित कर दिया जाएगा. इसके लिए विभाग ने ₹7 लाख का बजट जारी किया है, जिससे बर्तन, गैस सिलेंडर और अन्य आवश्यक सामान खरीदा जाएगा.

महिलाएं बनाएंगी खाना

इस कैंटीन को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए कमेटी गठित की जा चुकी है, जो आवश्यक सामान की खरीदारी करेगी. यहां सेल्फ हेल्प ग्रुप की महिलाएं खाना बनाएंगी, जिन्हें प्रति प्लेट ₹25 का भुगतान किया जाएगा. इसमें से ₹10 का कूपन कटेगा, जबकि ₹15 की सब्सिडी मार्केट कमेटी की ओर से वहन की जाएगी. अनुमान के मुताबिक, हर दिन कम- से- कम 200 प्लेट बिकने की संभावना है.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts