चरखी दादरी | हरियाणा के लिए एक और गौरवमई खबर सामने आई है. यहां चरखी दादरी जिले के गांव खेड़ी बुरा की होनहार बेटी प्रिया लाखवान ने अपनी मेहनत और काबिलियत के दम पर आसमान की नई बुलंदियों को छुआ है. प्रिया ने हिमाचल प्रदेश न्यायिक सेवा परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर न्यायाधीश (जज) के पद पर नियुक्ति हासिल की है.
प्रदेश स्तर पर 5वीं रैंक
प्रिया लाखवान ने प्रदेश स्तर पर 5वीं रैंक हासिल की है. उन्होंने बताया कि उन्होंने घर पर रहकर तैयारी करते हुए कठिन परिश्रम और अनुशासन की बदौलत इस सफलता को हासिल किया है. प्रिया ने बताया कि सही दिशा में की गई मेहनत कभी बेकार नहीं जाती है. यदि आप अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्प से आगे बढ़ते हैं, तो एक दिन सफलता आपके कदम अवश्य चूमती है.
विधायक ने की सराहना
चरखी दादरी विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक सुनील सांगवान ने प्रिया लाखवान की सफलता की जमकर सराहना करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की. उन्होंने कहा कि प्रिया ने सफलता के नए आयाम स्थापित किए हैं और उनकी कामयाबी देश की प्रत्येक बेटी के लिए एक प्रेरणा का काम करेगी.
उन्होंने अपनी लगन, परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर यह सफलता प्राप्त कर सिद्ध कर दिया है कि यदि संकल्प दृढ़ हो तो किसी भी लक्ष्य को पाना असंभव नहीं है. उन्होंने न केवल परिवार और गांव ही नहीं, बल्कि जिले और हरियाणा प्रदेश का नाम भी रोशन किया है. हमें उनकी उपलब्धि पर गर्व है. पिता राजेश ने बेटी प्रिया की उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्होंने हमारा गौरव बढ़ाया है. हमारी बेटी की कड़ी मेहनत रंग लाई है. हमें अपनी बेटी पर नाज है.
