चरखी दादरी | हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं का बुनियादी ढांचा मजबूत करने की दिशा में सूबे की नायब सैनी सरकार निरंतर प्रयासरत हैं. स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने बताया कि ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ, समग्र और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में चरखी दादरी जिले के 5 गांवों में 3.14 करोड़ रुपए की लागत से नए उप- स्वास्थ्य केंद्र भवनों का निर्माण किया जाएगा. उन्होंने बताया कि सीएम नायब सैनी इन परियोजनाओं का शिलान्यास कर चुके हैं.
इन गांवों में बनेंगे उप स्वास्थ्य केंद्र
स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने बताया कि स्वस्थ गांव- सशक्त समाज अभियान के तहत शुरू की गई इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत चरखी दादरी जिले के 5 गांवों भाडंवा, चिड़िया, खेड़ी बुरा, कलियाना और चंदेनी गांवों में नए उप- स्वास्थ्य केंद्र भवनों का निर्माण किया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके.
उन्होंने बताया कि इन उप- स्वास्थ्य केंद्रो में नियमित टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की देखभाल, निशुल्क जांच व दवाईयां, आकस्मिक प्राथमिक उपचार और रेफरल सेवाएं जैसी बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिलेगा. इससे समय रहते बीमारियों की पहचान और रोकथाम करना संभव हो सकेगा. वहीं, बुजुर्गो और बच्चों को भी इन केंद्रों पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा.
ग्रामीणों को मिलेगा फायदा
आरती राव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी सरकार की नैतिक और प्रशासनिक जिम्मेदारी है. इससे ग्रामीणों को फायदा पहुंचेगा. यह पहल केवल स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार तक सीमित नहीं है, बल्कि एक स्वस्थ, आत्मनिर्भर और जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में एक ठोस कदम साबित होगा.
