चरखी दादरी | हरियाणा के लिए एक और गौरवमई खबर सामने आई है. यहां चरखी दादरी जिले के गांव भागवी की बहू दिव्या शर्मा ने इंडियन नेवी की पहली महिला क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर (QFI) बनने का गौरव हासिल किया है. इंडियन नेवी के प्रतिष्ठित फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर्स स्कूल (FIS), एयर फोर्स स्टेशन तांबरम में उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की, जहां तीनों सेनाओं थलसेना, वायुसेना, नौसेना और तटरक्षक बल के 55 चुनिंदा पायलटों के इस कठिन प्रशिक्षण को शानदार प्रदर्शन के साथ पूरा किया गया है.
पहली भारतीय महिला बनना बड़ी उपलब्धि
लेफ्टिनेंट कमांडर दिव्या शर्मा भारतीय नौसेना अकादमी, एझिमला की पूर्व छात्रा हैं और 25 जून 2018 को उन्होंने भारतीय नौसेना में कमीशन प्राप्त किया था. वे भारतीय नौसेना में शामिल की गई पहली महिला पायलटों के अग्रणी दल की सदस्य रही हैं, जो अपने आप में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है.
दिव्या शर्मा के कठिन प्रशिक्षण का सफर हैदराबाद, बेंगलुरु, कोच्चि और विशाखापत्तनम जैसे प्रमुख सैन्य हवाई अड्डों से होते हुए उन्हें नई ऊंचाइयों तक ले गया है. अब, QFI बनने के बाद वे अगली पीढ़ी के सैन्य पायलटों को प्रशिक्षित करेंगी, जिससे भारतीय नौसेना की विमानन शक्ति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में उनका योगदान निर्णायक भूमिका अदा करेगा.
बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत
अधिवक्ता संजीव तक्षक ने बताया कि लेफ्टिनेंट कमांडर दिव्या शर्मा ने नई राह बनाते हुए देश की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनने का गौरव हासिल किया है. उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर न केवल गांव भागवी बल्कि चरखी दादरी और हरियाणा में खुशी और गर्व का माहौल बना हुआ है. उनकी इस उपलब्धि पर परिजनों को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है.
