चंडीगढ़ | हरियाणा के सरकारी स्कूलों (Govt School) में शैक्षणिक सत्र 2024- 25 के दौरान कक्षा पहली से लेकर 9वीं तक और 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों के रिजल्ट 1 अप्रैल, मंगलवार को घोषित किए जाएंगे. इसके लिए स्कूलों की तरफ से सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. बता दें कि ईद की छुट्टी के कारण इस बार रिजल्ट एक दिन देरी से जारी किया जाएगा. जो विद्यार्थी पास होंगे, उन्हें अगली कक्षा की किताबें मंगलवार को ही वितरित की जाएंगी.
1 दिन की देरी से आएगा रिजल्ट
आमतौर पर 31 मार्च को कक्षाओं का परीक्षा परिणाम जारी किया जाता है, लेकिन इस बार 31 मार्च को ईद की छुट्टी होने के कारण 1 अप्रैल को परीक्षा परिणाम घोषित करने का निर्णय लिया गया है. प्रदेश के राजकीय स्कूलों में बाल वाटिका से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों की परीक्षाएं 17 मार्च से 22 मार्च तक आयोजित की गई थीं. छठी से आठवीं कक्षा की परीक्षाएं 13 मार्च से शुरू होकर 25 मार्च तक चलीं थीं.
विद्यार्थियों को नहीं होगी दिक्कत
विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने स्कूल की पढ़ाई बीच में छोड़ने वाले बच्चों की संख्या को कम करने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं. इसके तहत, रिजल्ट घोषित होते ही एडमिशन प्रक्रिया तुरंत शुरू करने के आदेश दिए गए हैं. अबकी बार रिजल्ट जारी होने के बाद अगली कक्षाओं में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को जल्द से जल्द किताबें उपलब्ध करवाने का काम किया जाएगा. इससे विद्यार्थियों को किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े और वे अपनी अगली कक्षा की पढ़ाई को सुचारू रूप से जारी रख सकें.
