चंडीगढ़ | हरियाणा के सभी निजी और सरकारी विद्यालयों में सर्दी की छुट्टियों का आगाज हो चुका है. आज 1 जनवरी 2025 से सभी स्कूलों को शीतकालीन अवकाश के तहत बंद किया गया है. स्कूल शिक्षा निदेशालय द्वारा इसके लिए विस्तृत नोटिफिकेशन भी जारी किया गया है.
16 जनवरी से खुलेंगे स्कूल
निदेशालय द्वारा जारी आधिकारिक नोटिफिकेशन के अनुसार, 1 से 15 जनवरी तक प्रदेश के सभी निजी और सरकारी स्कूल बंद रहेंगे. 16 जनवरी से इन सभी विद्यालयों को पुनः की भांति खोला जाएगा. हालांकि, शिक्षा विभाग द्वारा जारी नोटिफिकेशन में 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को प्रैक्टिकल के लिए स्कूल में बुलाने संबंधित निर्देश भी दिए गए हैं. इसका अर्थ यह है कि इस छुट्टियों के दौरान सीबीएसई/ आईसीएसई बोर्ड आदि के नॉर्म्स के अनुसार बोर्ड कक्षाओं के विद्यार्थी निर्धारित शेड्यूल के अनुसार प्रैक्टिकल परीक्षा के लिए स्कूल में बुलाए जा सकते हैं.
ठंड के चलते हुए समय में बदलाव
इस संबंध में राज्य के सभी जिला शिक्षा अधिकारी, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी और खंड मौलिक शिक्षा अधिकारी के साथ स्कूल मुखियों और प्रभारियों को भी निर्देश दिए गए हैं. बता दें कि सरकार द्वारा धुंध और कड़ाके की ठंड के चलते सभी राजकीय और प्राइवेट औद्योगिक शिक्षण संस्थानों और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के समय में भी बदलाव किया है. 1 जनवरी से 31 जनवरी तक इनकी टाइमिंग सुबह 10:00 से 4:00 बजे तक रहेगी. इस विषय में प्रदेश के सभी प्रधानाचार्य, वर्ग अनुदेशक इंचार्जों को आदेश जारी किए जा चुके हैं.
