फरीदाबाद | नए साल के अवसर पर देश- विदेश में अनेकों कार्यक्रम आयोजित हुए. इसी कड़ी में नए साल के मौके पर मनाली में भी हजारों पर्यटक नए साल को मनाने के लिए पहुंचे थे. रात भर माल रोड पर पर्यटकों ने नए साल का जश्न मनाया. नव वर्ष के मौके पर क्लब हाउस में भी खास इंतजाम किए गए थे, जहां पर अनेकों गीत- संगीत के कार्यक्रम संपन्न हुए.
अंशिका बनी न्यू ईयर क्वीन 2025
क्लब हाउस में आयोजित हुए कार्यक्रम में फरीदाबाद की अंशिका को ‘न्यू ईयर क्वीन 2025’ चुना गया. पर्यटन निगम के अधिकारियों द्वारा उन्हें ताज पहनाकर सम्मानित किया गया. बता दें कि एक दर्जन से ज्यादा प्रतियोगियों को पछाड़ कर अंशिका ने यह खिताब जीता. इस मौके पर अंशिका ने अपने पायलट बनने की इच्छा जाहिर की. उन्होंने कहा कि वह हर बार नए साल पर हिमाचल पर्यटन निगम के होटलों में रूकती हैं. अब की बार न्यू ईयर क्वीन चुने जाने पर उनके लिए यह नया साल और ज्यादा खास हो गया है.
अनेकों कार्यक्रमों का हुआ आयोजन
बता दें कि नए साल की पूर्व संध्या पर क्लब हाउस में कई प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ. बैलून डांस में सचिन और मोनिका, वहीं लेमन डांस में गौरव और दीक्षा को विजेता चुना गया. दूसरी तरफ पवन और मंजूषा ने बेस्ट डांसिंग कपल का खिताब जीता. रात भर पर्यटकों ने पंजाबी गानों की धुन और डीजे पर डांस किया. हिमाचली नाटो ने माहौल को और ज्यादा खुशनुमा बना दिया. सब लोगों ने मिलकर केक काटा और नए साल का स्वागत किया.
