फरीदाबाद | हरियाणा मार्केटिंग बोर्ड द्वारा 15 मार्च से अटल किसान बैंक मजदूर कैंटीन खोले जाने की घोषणा की गई थी. बल्लबगढ़ अनाज मंडी में इसकी शुरुआत अभी तक नहीं हो पाई है. यहां सरसों और गेहूं की भारी आवक हो रही है, जिस कारण किसान और मजदूरों की आवाजाही बढ़ी हुई है, लेकिन कैंटीन की शुरुआत न होने से लोगों को मजबूरी में ढाबों से महंगा खाना खरीदना पड़ रहा है.

10 रुपए में भरपेट भोजन की थी योजना
इस कैंटीन को स्वयं सहायता समूह के द्वारा चलाया जाना था, जहां पर मजदूर और किसान को केवल 10 रुपए में भरपेट खाना मिलना था. इनमें से 15 रुपए का अनुदान मार्केट कमेटी के द्वारा दिया जाता. इतना ही नहीं, यहां लोग पीने के पानी के लिए भी परेशान होते नजर आ रहे हैं. किसानों को बोतल बंद पानी 30 रुपए में खरीदना पड़ रहा है. इस बारे में जानकारी देते हुए किसान विनोद कुमार ने बताया कि हमें यह कहा गया था कि 15 मार्च से हमें 10 रुपए में खाना मिलेगा, लेकिन यहां कैंटीन की शुरुआत नहीं हुई है. ना ही ऐसी कोई अन्य सुविधा नजर आ रही है.
किसान और मजदूरों ने की शिकायत
दूसरे मजदूर रुपू ने बताया कि वह कई सालों से मंडी में काम कर रही है. यहां कोई भी सुविधा नहीं मिल रही. ना तो फ्री में खाना मिलता है, ना पानी मिलता है. हमें अपना खाना घर से लाना पड़ता है या बाहर से खरीद कर खाना पड़ रहा है. ऐसी कुछ शिकायत बाकी किसानों ने भी की. उनकी सरकार से मांग है कि जल्द से जल्द यहां कैंटीन और पीने के पानी की व्यवस्था शुरू की जाए.