फरीदाबाद | हरियाणा के फरीदाबाद जिले (Faridabad District) में एक 50 साल पुरानी आइसक्रीम शॉप है. इसके स्वाद के चर्चे फरीदाबाद ही नहीं, बल्कि दिल्ली और गुरुग्राम तक होते हैं. गर्मियों के मौसम में तो यहां मिलने वाली आइसक्रीम की जबरदस्त मांग होती ही है, लेकिन सर्दियों में भी लोग यहाँ मिलने वाली आइसक्रीम का स्वाद चखना नहीं भूलते.
मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार, फरीदाबाद के एनआईटी में आजाद फालूदा आइसक्रीम शॉप की स्थापना गुरु वचन सिंह ने 1974 में की थी. अब इस दुकान को उनके बेटे अरिजीत सिंह संभाल रहे हैं. उन्होंने बताया कि करीब 50 साल पहले उनके पिता ने इस दुकान को खोला था.
दूर- दूर से आते हैं लोग
उनके पिता ने अपने अनुभव से एक खास रेसिपी बनाई थी. उसी को आज भी वह बरकरार रखे हुए हैं. लोगों की जुबां पर इस रेसिपी की आइसक्रीम का स्वाद चढ़ा हुआ है. जब उनके पिता ने इस दुकान की शुरुआत की थी तब 25 पैसे में आइसक्रीम और 75 पैसे में फालूदा दिया जाता था, लेकिन अब फालूदा की कीमत ₹60 और सॉफ्टी ₹30 हो चुकी है. उन्होंने बताया कि वह खुद ही आइसक्रीम को तैयार करके बेचते हैं.
उनकी दुकान दोपहर एक बजे से रात 11 बजे तक खुलती है, जहां फरीदाबाद, बल्लभगढ़, गुड़गांव, नोएडा और दिल्ली तक से लोग आइसक्रीम खाने के लिए आते हैं. कुछ लोग यहां बीते 20 सालों से लगातार आइसक्रीम खाने के लिए आते हैं.
शॉप पर मिलती हैं ढेरों वैरायटी
उन्होंने जानकारी दी कि उनकी दुकान पर अलग- अलग वैरायटी की आइसक्रीम मिलती है. यहां पर फालूदा आइसक्रीम, आइसक्रीम कप, रबड़ी आइसक्रीम फालूदा, आइसक्रीम कोन, वफ़ल आइसक्रीम कोन, रबड़ी मिल्क, आइसक्रीम के साथ दूध, मिल्क आइसक्रीम फालूदा, दूध फालूदा, फलों का शेक, आइसक्रीम के साथ फ्रूट शेक, शुगर फ्री टिल्ला कुल्फी, रबड़ी कुल्फी, पान कुल्फी, मैंगो कुल्फी, गुलाब कुल्फी और चॉकलेट कुल्फी मिलती है.
