फरीदाबाद | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे फरीदाबाद से वाहन चालकों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. यहां बल्लभगढ़- मोहना सड़क का निर्माण किया जाएगा, जिसके चलते गुप्ता होटल से आदर्श नगर तक यह रोड़ 60 दिन तक बंद रहेगा. हालांकि, लोगों को इस असुविधा से बचाने के लिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा एडवाइजरी जारी की गई है.
नया रूट प्लान तैयार
ट्रैफिक डीसीपी, फरीदाबाद जसलीन कौर ने बताया कि बल्लभगढ़- मोहना सड़क मार्ग का निर्माण कार्य शुरू किया गया है, जिसके चलते इस रूट पर वाहनों का संचालन मुश्किल है. पुलिस नहीं चाहती कि वाहन चालक किसी तरह का खतरा मोल लेते हुए यहां से सफर करे. इसलिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा एडवाइजरी जारी कर नया रूट प्लान तैयार किया है.
ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी
इस सड़क मार्ग पर आने वाले वाहन चालक गुप्ता होटल से दाएं मुड़कर मलेरना रोड से होते हुए सेक्टर- 64/ 65 डिवाइडर पार करके, सेक्टर- 64 महिला थाना बल्लभगढ़ के सामने से गुजरकर पुलिस थाना आदर्श नगर के पास से मोहना रोड की तरफ से होते हुए अपने गंतव्य स्थान तक पहुंच सकते हैं. ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से आग्रह करते हुए इस रूट का इस्तेमाल करने की सलाह दी है.
इस एडवाइजरी में स्पष्ट कहा गया है कि वाहन चालक मोहना रोड पर जाने से बचें. ट्रैफिक पुलिस ने सड़क निर्माण के चलते बल्लभगढ़- मोहना रोड पर बने गुप्ता होटल से लेकर थाना आदर्श नगर के रास्ते को बंद कर दिया है. इस सड़क मार्ग पर 60 दिन तक वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है.
