फरीदाबाद | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और NCR क्षेत्र में सफर करने वाले लोगों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. यहां 25 जुलाई यानि आज से सरिता विहार फ्लाईओवर पर मरम्मत कार्य शुरू हो रहा है, जिसके चलते दक्षिण- पूर्व दिल्ली, नोएडा और फरीदाबाद से आवागमन करने वाले लोगों को 8 अगस्त तक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है. यातायात पुलिस ने ट्रैफिक दबाव से बचने की योजना बनाई है और लोगों से रूट डायवर्ट से चलने की सलाह दी है.
कई वजहों से अटका हुआ था काम
लोक निर्माण विभाग (PWD) के एक अधिकारी ने बताया कि बदरपुर से आश्रम की ओर जाने वाले सड़क मार्ग को मरम्मत कार्य के चलते बंद किया गया है. पहले प्रदुषण बढ़ने, GRAP और अब कांवड़ यात्रा के चलते इस मरम्मत कार्य को पूरा करने में अड़चन आ रही थी लेकिन अब सभी बाधाएं दूर हो चुकी है. ट्रैफिक व्यवस्था को कंट्रोल करने के लिए मरम्मत कार्य के दौरान फ्लाईओवर पर 50 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे.
बता दें कि मथुरा रोड पर बने इस फ्लाईओवर की 24 साल बाद पहली बार मरम्मत की जा रही है. यह फ्लाईओवर दिल्ली को उत्तर प्रदेश के नोएडा, हरियाणा के फरीदाबाद और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कुछ इलाकों से जोड़ता है. पीडब्ल्यूडी विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि आश्रम से बदरपुर की तरफ जाने वाली सड़क की मरम्मत का पहला चरण पूरा हो चुका है.
ट्रैफिक पुलिस ने सुझाएं वैकल्पिक रूट्स
- बदरपुर से दक्षिणी दिल्ली और फरीदाबाद जाने वाले लोगों को मथुरा रोड के पास ट्रैफिक जाम से रूबरू होना पड़ सकता है. सरिता विहार, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी, ओखला और गोविंदपुरी में एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रह सकती है.
- बदरपुर से आश्रम की तरफ जाने वाली सड़क बंद रहेगी. इसलिए लोग इस रास्ते से जाने से बचें. बदरपुर बॉर्डर से मथुरा रोड होते हुए आश्रम जाने वाले वाहन दो वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल कर सकते हैं.
- बदरपुर बॉर्डर से आने वाले लोग MB रोड से पुल प्रह्लादपुर और लाल कुआं की तरफ जा सकते हैं. फिर वहां से मां आनंदमई मार्ग, क्राउन प्लाजा, गोविंदपुरी होते हुए मोदी मिल फ्लाईओवर से मथुरा रोड तक पहुंच सकेंगे.
- बदरपुर से सरिता विहार फ्लाईओवर की तरफ मथुरा रोड पर भारी और व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है.
