फरीदाबाद | हरियाणा के फरीदाबाद जिले में जल्द ही सिटी बसों (City Bus) का संचालन बढ़ाया जाएगा. वर्तमान में यहाँ 50 सिटी बसें चल रही हैं, लेकिन जल्द ही इनकी संख्या बढ़ाकर 150 की जाएगी. फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण ने 2031 तक 500 बसें संचालित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है. 12 नए रूटों पर 310 बस क्यू सेंटर बनाए जाएंगे, जिनपर करीब 38 करोड़ रुपये की लागत आएगी.
नए रूट से जुड़ेंगे गांव
नए रूटों पर 150 नई बसें चलाई जाएंगी, जिससे गांवों को शहरों से जोड़ा जाएगा. यमुना किनारे बसे वह गांव जहाँ फिलहाल बस सेवा उपलब्ध नहीं है, वहाँ के लोगों को भी अब काफी फायदा मिलेगा. सिटी बसों की सुविधा से यात्रियों को ऑटो चालकों द्वारा अधिक किराया वसूलने की समस्या से भी राहत मिलेगी. FMDA के मुख्य अभियंता रमेश बागड़ी ने जानकारी देते हुए बताया कि सिटी बस सेवा के प्रति लोगों के इंटरेस्ट को देखते हुए रूट मैप तैयार किया गया है. इस रूट मैप से यह पता लग पाएगा कि कौन- कौन से गांवों को इस सेवा से जोड़ा जा सकता है.
जानें मौजूदा बस रूट
बल्लभगढ़ बस स्टैंड से पाली गांव चौक, बल्लभगढ़ बस स्टैंड से मंझावली गांव, बल्लभगढ़ बस स्टैंड से अरुवा गांव, बल्लभगढ़ बस स्टैंड से तिगांव होते हुए बदरपुर बॉर्डर, बागपुर गांव, बल्लभगढ़ एम्स से दिल्ली एम्स, हाईवे से बल्लभगढ़ बस स्टैंड से बदरपुर बॉर्डर, बाईपास पर बल्लभगढ़ बस स्टैंड से बदरपुर बॉर्डर, बदरपुर बॉर्डर से धातिर गांव, बदरपुर बॉर्डर से बसंतपुर गांव, बदरपुर बॉर्डर से मंझावली गांव, बदरपुर बॉर्डर से अमृता हॉस्पिटल.
