फरीदाबाद | दिल्ली से सटे फरीदाबाद (Faridabad) के सेक्टर- 22 स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पढ़ने वाली सैकड़ों छात्राओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. इसी साल जुलाई महीने में इन छात्राओं को स्कूल की नई बिल्डिंग का तोहफा मिल जाएगा. शिक्षा विभाग और हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से स्कूल के लिए तीन मंजिला बिल्डिंग का निर्माण कार्य प्रगति पर है. स्कूल की नई बिल्डिंग बनने से मूलभूत सुविधाओं में भी इजाफा होगा.
बड़े स्तर पर मिलेगी राहत
सेक्टर- 22 में स्थित इस राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में कक्षा छठी से 12वीं तक 900 से ज्यादा छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रही है. यहां सेक्टर- 22 की कॉलोनियों, गांव मुजेसर और आजाद नगर सहित आस- पास के इलाकों से छात्राएं पढ़ने आती है. छात्राओं की संख्या के हिसाब से स्कूल में कमरे नहीं है, जिसके चलते छात्राओं को बेहद परेशानी झेलनी पड़ रही है. यहां बच्चियां बरामदे में बैठकर पढ़ने को मजबूर हो रही है.
स्कूल टीचर्स ने बताया कि छात्राओं की संख्या के हिसाब से कमरों की कमी है. वहीं, जगह की कमी के चलते कंप्यूटर और साइंस लैब भी ठीक से संचालित नहीं हो पा रहे हैं. शिक्षा विभाग और निदेशालय को बार- बार पत्र लिखने बाद सुनवाई हुई है. अब करीब साढ़े 4 करोड़ रुपए की लागत से स्कूल की नई बिल्डिंग तैयार हो रही है.
उन्होंने बताया कि स्कूल बिल्डिंग निर्माण सहित अन्य कार्यों को जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा. भवन निर्माण कार्य लगभग पूरा होने की कगार पर हैं और फिनिशिंग और बिजली का कनेक्शन सहित अन्य कार्य पेंडिंग हैं. जून महीने तक सभी कार्यों को पूरा कर जुलाई महीने से नई बिल्डिंग में कक्षाएं संचालित कर दी जाएगी.
सुविधाओं में होगा इजाफा
जिला शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह ने बताया कि राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में करीब 20 कमरों का निर्माण कराया जा रहा है. नई बिल्डिंग खुले और हवादार कमरें, कंप्यूटर लैब, साइंस लैब, डिजीटल क्लासरूम, पुस्तकालय और वाटर कूलर सहित अन्य सुविधओं से लैस होगी. सीढ़ियों के अलावा दिव्यांग बच्चों के लिए रैंप भी बनाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि प्राइवेट स्कूलों की तर्ज पर यहां सभी सुविधाएं मिलेंगी.
