फरीदाबाद | हरियाणा में किसानों के लिए एक अच्छी खबर है. प्रदेश भर की मंडियों में आज से सरसों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर सरकारी खरीद शुरू हो रही है. फरीदाबाद जिले की बात करें तो यहां बल्लभगढ़ अनाज मंडी में सरसों की सरकारी होगी. सरसों की खरीद को लेकर प्रशासन द्वारा मंडी में तमाम इंतजाम किए गए हैं, ताकि किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो.
सरसों का सरकारी भाव
चालू सत्र में केंद्र सरकार ने सरसों का न्यूनतम समर्थन मूल्य 5960 रूपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है, जबकि पिछले साल सरसों का सरकारी समर्थन मूल्य 5650 रुपये प्रति क्विंटल था. सरकार ने MSP पर सरसों खरीद के लिए हैफेड एजेंसी को नियुक्त किया है. इस बार फरीदाबाद में 12 हजार क्विंटल सरसों की सरकारी खरीद का लक्ष्य रखा गया है.
बल्लभगढ़ मार्केट कमेटी के सचिव एवं कार्यकारी अधिकारी इंद्रपाल सिंह ने बताया कि सरसों की सरकारी खरीद को लेकर मंडी में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है. उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी सरसों की फसल को अच्छी तरह से सुखाकर मंडी में लाएं, ताकि नमी के नाम पर उन्हें परेशानी न झेलनी पड़े. फसल को सही सुखाकर लाने पर एजेंसी को भी खरीदारी करने में कोई परेशानी नहीं होगी.
भाव पर निर्भर करेगी खरीद
पिछले साल की बात करें, तो सरकार के साथ- साथ निजी व्यापारियों ने भी ऊंचे भाव पर सरसों खरीदी थी. पिछले साल MSP से भी ज्यादा यानि 6 हजार रूपए प्रति क्विंटल तक सरसों की बिक्री हुई थी. इस बार सरसों के मार्केट में आने पर ही पता चलेगा कि किसानों को भाव MSP से अधिक मिलेगा या नहीं. भाव ही तय करेगा कि निजी व्यापारी द्वारा सरसों की खरीद ज्यादा की जाएगी या फिर सरकार ज्यादा खरीद करती है.
