फरीदाबाद | बीते तीन दिनों से हरियाणा के फरीदाबाद जिले (Faridabad District) के सेक्टर 12 में आंगनबाड़ी वर्कर्स और हेल्पर यूनियन की महिलाएं धरना प्रदर्शन कर रही हैं. इस दौरान उन्होंने सरकार से वेतन बढ़ोतरी और राशन वितरण में लागू किए गए OTP सिस्टम को खत्म करने की मांग की. यूनियन की सदस्य देवेंद्री शर्मा ने बताया कि प्रदेश भर के आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में काफी रोष है.
छवि हो रही ख़राब
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों से राशन बांटने के दौरान लाभार्थी के फेस को कैप्चर करना पड़ता है. इसके बाद, लाभार्थी के मोबाइल पर एक ओटीपी आता है, जिसे दर्ज करना जरूरी होता है. कई लोग ओटीपी बताने में संकोच करते हैं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को शक की नजर से देखते हैं, जिससे उनकी छवि ख़राब होती है और काम करने में परेशानी आती है.
बढ़ाया जाए वेतन
यूनियन की सदस्य ने कहा कि सरकार से जो राशन मिल रहा है, वह भी अच्छी गुणवत्ता का नहीं होता है. उन्होंने न्यूनतम वेतन ₹26,000 करने की मांग रखी. उन्होंने बताया कि वह बीते 41 साल से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के तौर पर काम कर रही हैं, लेकिन आज भी उन्हें सही प्रकार से वेतन का लाभ नहीं मिल पा रहा है. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो वे ज्ञापन सौपने के साथ रैली निकालेंगी और आने वाले समय में चक्का जाम भी कर सकती हैं.
आंदोलन किया जाएगा तेज
इस दौरान जिला प्रधान मलावती ने कहा कि सरकार द्वारा अगर उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वे और बड़ा प्रदर्शन करेंगे. उन्होंने सरकार से फोटो कैप्चर और ओटीपी सिस्टम को बंद करने की मांग की. प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कहा कि आंगनबाड़ी वर्कर्स द्वारा बच्चों और गर्भवती महिलाओं के पोषण और स्वास्थ्य का ध्यान रखा जाता है, लेकिन सरकार उनके अधिकारों पर ध्यान नहीं दे रही है. यदि जल्द ही उनकी मांगें पूरी नहीं की गई, तो वे अपने आंदोलन को और तेज करने पर मजबूर होंगी.
