फरीदाबाद | खाटूश्याम धाम और सालासर बालाजी के श्रद्धालुओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. इन दोनों धार्मिक स्थलों के साथ- साथ हरियाणा सरकार (Haryana Govt) मध्य प्रदेश के के दतिया जिले में स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां पीतांबरा के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने जा रही है. इसके लिए कागजी कार्रवाई तेज कर दी गई है. फरीदाबाद में सूरजकुंड टूरिस्ट पैलेस के पास बने हैलीपेड को चिह्नित किया गया है, जहां से इन तीनों धार्मिक स्थलों के लिए हवाई सेवा की सुविधा मिलेगी.
सूरजकुंड हैलीपेड होगा रेनोवेट
सूबे की नायब सैनी सरकार में नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि सूरजकुंड में पहले से ही हैलीपेड बना हुआ है. इसे ही रेनोवेट कर वहीं से धार्मिक स्थलों के लिए हेलिकॉप्टर सेवा की शुरुआत की जाएगी. अभी इसे लेकर विभागीय अधिकारी तेजी से काम कर रहे हैं. उम्मीद है कि 2 महीने के अंदर ही ये सेवा शुरू कर दी जाए. उन्होंने बताया कि इस संबंध में राजस्थान और मध्य प्रदेश सरकार से बातचीत जारी है ताकि वहां भी हैलीपेड की व्यवस्था की जा सकें.
कम समय में तय होगा सफर
फरीदाबाद से सालासर बालाजी की दूरी 436 किलोमीटर और खाटूश्याम 338 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है. इन दोनों ही धार्मिक स्थलों पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. सड़क मार्ग से इस दूरी को तय करने में लगभग 8- 9 घंटे का समय लगता है, लेकिन हेलिकॉप्टर सेवा शुरू होने पर यह दूरी कम हो जाएगी और श्रद्धालु एक से डेढ़ घंटे में इन धार्मिक स्थलों पर पहुंच सकेंगे. हालांकि, ज्यादातर लोग सड़क मार्ग से ही इन धार्मिक स्थलों पर जाना पसंद करते हैं.
सूरजकुंड में पहले से ही हैलीपैड बना हुआ है और इस हैलीपैड को रिनोवेट कर बेहतरीन बनाया जाएगा. उम्मीद है कि जुलाई तक खाटूश्याम, सालासर बालाजी के लिए हेलिकॉप्टर सेवा की शुरुआत हो जाएगी. श्रद्धालु इस सुविधा का लाभ उठाते हुए कम समय में सफर तय कर सकेंगे- विपुल गोयल, नागरिक उड्डयन मंत्री, हरियाणा सरकार
