फरीदाबाद में इस सड़क पर भारी वाहनों की एंट्री पर रोक, बाइक- कार ही कर सकेंगे आवाजाही

फरीदाबाद | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे फरीदाबाद जिले में वाहन चालकों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. यहां ईएसआईसी चौक से सैनिक कालोनी मस्जिद मोड़ की सड़क पर ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझ रहे लोगों को राहत पहुंचाने के लिए फरीदाबाद मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (FMDA) ने एक नई पहल की है.

Smart Sadak Road

भारी वाहनों की एंट्री पर रोक

FMDA ने इस सड़क मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन पर पूर्णतः रोक लगा दी है. इसके लिए सड़क पर लोहे का बैरियर लगाया गया है, जिससे अब बाईक और कार चालक ही इस सड़क मार्ग से आवाजाही कर सकेंगे. बता दें कि मेट्रो मोड़, तिकोना पार्क आदि रास्तों से आवागमन करने वाले ट्रक और बस इसी 2 किलोमीटर लंबी सड़क से गुजरते थे, जिससे न केवल यहां ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न होती थी, बल्कि एक्सीडेंट का अंदेशा भी बना रहता था. अब बैरियर लगाकर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है.

सैनिक कालोनी और आसपास के क्षेत्र के लोगों ने विधायक के पास शिकायत दर्ज कराई थी कि इस सड़क मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन के चलते हर वक्त जाम की स्थिति बनी रहती है. इस सड़क मार्ग पर काफी तीखा मोड़ है, जिसपर बस और ट्रक को मोड़ने में दिक्कत होती है. ये वाहन अक्सर गलत दिशा में चलते हैं जिससे छोटे वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ती है. इसके बाद, स्थानीय विधायक धनेश अदलखा ने FMDA और पुलिस अधिकारियों को इसके समाधान के निर्देश दिए थे.

भारी वाहनों के लिए नया रूट

ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि मेट्रो मोड से सैनिक कॉलोनी आवागमन करने वाले भारी वाहन चालक लक्ष्मीबाई चौक से होते हुए मस्जिद मोड, सैनिक कॉलोनी पहुंच सकते हैं. बाटा चौक से आने वाले वाहन चालक हार्डवेयर प्याली रोड से सैनिक कॉलोनी रोड पर पहुंचे. इसी प्रकार ओल्ड फरीदाबाद से आने वाले वाहन चालक चिमनी बाई धर्मशाला चौक से सीधे सैनिक कॉलोनी मोड पहुंच सकते हैं.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.